कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन पर चार कंपनियों में फर्जी दस्तावेज और हस्ताक्षरों के जरिए रेखा आर्या को निदेशक पद से हटाने समेत कई गंभीर आरोप हैं।

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का पति गिरधारी लाल साहू गिरफ्तारी से बचने के लिए रुहेलखंड से बुंदेलखंड तक भागता रहा, लेकिन उत्तराखंड पुलिस के बिछाए जाल से बच नहीं सका। बस्ती, प्रयागराज और नेपाल तक ठिकाने बदलने के बाद वह दिल्ली पहुंचा और वहां से झांसी में अपने एक रिश्तेदार के घर पर छिप गया। आखिरकार एसआईटी ने शनिवार को उसे झांसी (बुंदेलखंड) से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरधारी लाल साहू पिछले कई दिनों से झांसी में अपने रिश्तेदार के घर पर रह रहा था। एसआईटी को उसके झांसी में होने की भनक लगी तो टीम ने बिना देर किए वहां पहुंचकर उसकी तलाश शुरू कर दी। बृहस्पतिवार रात से ही एसआईटी ने झांसी में डेरा डाल रखा था। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही थी।
