मौसम के बदलते रुख के बीच उत्तराखंड में ठंड बढ़ने के संकेत हैं। आने वाले दिनों में पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है। इससे पहाड़ों के तापमान में गिरावट आएगी, जबकि मैदानी इलाकों में सुबह-शाम ठंड महसूस होगी।

जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदले पैटर्न का सीधा असर उत्तराखंड के तापमान में देखने को मिल रहा है। अक्तूबर के आखिरी दिनों में हुई बारिश-बर्फबारी का भले नवंबर के पहले सप्ताह के कुछ दिनों में असर देखने को मिला लेकिन बीते कुछ दिनों में मैदान से पहाड़ तक का तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में हल्की बारिश व बर्फबारी का अनुमान है। ऐसे में पहाड़ों के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। जबकि मैदानी इलाकों में फिलहाल सुबह-शाम ही ठंड का अहसास होगा। केंद्र ने आज 10 नवंबर के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का भी अनुमान है।
