गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी से डबराणी की ओर जा रही गुजरात के यात्रियों से भरी इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में समा गई थी। वाहन में चालक समेत सात लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, वहीं, दो महिलाएं लापता हैं।

गंगनानी के पास भागीरथी नदी में समाई इनोवा कार हादसे में लापता दो महिलाओं का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। शुक्रवार को जिला प्रशासन ने लापता महिलाओं की तलाश के लिए सर्च अभियान दिनभर जारी रखा। पुलिस, राजस्व विभाग, एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें घटनास्थल सहित नदी के आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन कर रही हैं। तलाश के लिए ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।
बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी से डबराणी की ओर जा रही गुजरात के यात्रियों से भरी इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में समा गई थी। वाहन में चालक समेत सात लोग सवार थे। हादसे के बाद शुरू किए गए रेस्क्यू अभियान में चार लोगों के शव बरामद किए गए थे, जबकि एक गंभीर घायल को सुरक्षित निकालकर हेलिकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था।
दो महिलाएं तभी से लापता हैं। हादसे के दूसरे दिन जिला प्रशासन ने लापता लोगों की तलाश के लिए राजस्व विभाग, पुलिस, एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की क्विक रिस्पांस टीम को मोर्चे पर लगाया है।
