The post गेस्ट टीचरों के हक में गरजा जन संघर्ष मोर्चा appeared first on Avikal Uttarakhand.
मानदेय 40 हजार करने की मांग
छुट्टियों में भी मिले वेतन, 5 हजार अतिथि शिक्षकों के लिए तहसील का घेराव
विकासनगर। प्रदेश के सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में वर्षों से सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों की आर्थिक और सेवा संबंधी समस्याओं को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मोर्चा कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में विकासनगर तहसील का घेराव कर प्रदर्शन किया। उन्होंने अतिथि शिक्षकों का मासिक मानदेय 25 हजार से बढ़ाकर 40 हजार रुपये करने, ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश का मानदेय देने तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में तहसील के नाजिर बिजल्वाण को सौंपा गया।
रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में करीब पांच हजार अतिथि शिक्षक 10 वर्ष से अधिक समय से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इतने लंबे सेवाकाल के बावजूद उनकी आर्थिक और सेवा संबंधी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। उन्हें मात्र 25 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। विडंबना यह है कि ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश के दौरान भी उन्हें मानदेय नहीं मिलता। ईपीएफ और ईएसआई जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं।
नेगी ने कहा कि शिक्षा मंत्री की ओर से अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने के निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि 25 हजार रुपये के मानदेय पर अतिथि शिक्षकों से बेहतर शैक्षिक सेवाओं की अपेक्षा करना उचित नहीं है।
उन्होंने बताया कि कई शिक्षक अपने घरों से 200 से 400 किलोमीटर या इससे भी अधिक दूरी पर स्थित दुर्गम विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं। मकान का किराया और भोजन सहित अन्य जरूरी खर्चों में ही उनका अधिकांश मानदेय समाप्त हो जाता है। ऐसे में परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
मोर्चा ने सरकार से अतिथि शिक्षकों का मानदेय न्यूनतम 40 हजार रुपये प्रतिमाह करने, ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन अवकाश का मानदेय देने तथा ईपीएफ और ईएसआई की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग की। नेगी ने चेतावनी दी कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे शिक्षकों की उपेक्षा उनके मनोबल और भविष्य दोनों पर प्रतिकूल असर डाल रही है।
प्रदर्शन में आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, दिलबाग सिंह, मुजीबुर्रहमान सलीम, अमित जैन, हाजी असद, अशोक चंडोक, प्रवीण शर्मा, महेंद्र सिंघल, आशीष सिंह, चेतन रावत, वाहिद कुरैशी, अजीत चौधरी, अकरम सलमानी, भीम सिंह बिष्ट, अशोक गुप्ता, विनय गुप्ता, विनोद जैन, देव सिंह चौधरी, निशा खातून, मनोज राय, सुरजीत सिंह, मनीष नेगी, मामराज, शेर सिंह चौधरी, श्रवण गर्ग, क्रिस्टीना, राघव भल्ला, जसकीरत सिंह, अंकुर चौरसिया, जयपाल सिंह, सलीम मिर्जा और सुनील कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
The post गेस्ट टीचरों के हक में गरजा जन संघर्ष मोर्चा appeared first on Avikal Uttarakhand.
