9 साल के बच्चों से लेकर 65 साल तक के बुजुर्गों ने लिया हिस्सा, सैकड़ों दर्शकों ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह; नशामुक्त किच्छा और सामाजिक एकता का दिया संदेश
किच्छा। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा नेता विवेक दीप सिंह एवं अमर उजाला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘एक दौड़, सेहत की ओर – नशामुक्त किच्छा’ मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। मैराथन में क्षेत्रवासियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आयोजन के लिए कुल 1761 लोगों ने पंजीकरण कराया, जबकि 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लेकर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

मैराथन में युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। खास बात यह रही कि दौड़ में सबसे कम उम्र के प्रतिभागी की आयु महज 9 वर्ष, जबकि सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी की आयु 65 वर्ष रही। वहीं, सैकड़ों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में इस प्रकार के आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं।

कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता विवेक दीप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन महज एक दौड़ नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को एकता के सूत्र में पिरोने और लोगों के दिलों को जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस तरह विभिन्न रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, उसी भावना के साथ हमें भी अपने क्षेत्र में आपसी मतभेद, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा।
उन्होंने कहा कि हमारी पहचान और विचार अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन हमारा क्षेत्र एक है। इसके विकास, सम्मान और खुशहाली की जिम्मेदारी हम सभी की है। उनका प्रयास केवल लोगों को एक मंच पर एकत्रित करना नहीं, बल्कि आपसी संबंधों को मजबूत कर दिलों को जोड़ना है। जब लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होंगे और एक-दूसरे का सम्मान करेंगे, तभी वास्तविक सामाजिक एकता स्थापित होगी।
युवाओं से खेल योजनाओं का लाभ उठाने की अपील

विवेक दीप सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा खेल एवं युवा कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने, उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने और खेल सुविधाओं का विस्तार करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का भी विकास होता है। युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
1761 पंजीकरण ने दिखाई क्षेत्र में जागरूकता

आयोजक विवेक दीप सिंह ने कहा कि 1761 पंजीकरण, 1200 से अधिक प्रतिभागियों की मौजूदगी और सैकड़ों दर्शकों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र के लोग स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक एकता के प्रति जागरूक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे, जिससे युवाओं को सकारात्मक दिशा मिले और समाज में आपसी भाईचारा मजबूत हो।
कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा, रामबाबू सिंह, लवी सहगल, किच्छा कोतवाल रवि सैनी, पुनीत वर्मा, मुकुल अग्रवाल, सुरेंद्र खुराना, विनोद फुटेला, अक्षय अरोड़ा, लता सिंह, भूपेंद्र राय, गोपेंद्र राय, शैली फुटेला, प्रतिभा राकोंसी, प्रेमलता सिंह चौहान, दिनेश भाटिया, देवेंद्र सेतिया, डॉ. राहुल किशोर, डॉ. राहुल गंगवार, राज पपनेजा, सतीश अरोड़ा, पंकज शर्मा, शशांक सिंह, मनु चौहान, आदित्य विक्रम सिंह, दया डसीला, अनिल ठाकुर, जीवन जोशी, विकास बत्रा, अमित सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विवेक दीप सिंह ने अमर उजाला परिवार, प्रशासन, पुलिस विभाग, प्रतिभागियों, सहयोगियों, स्वयंसेवकों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल मैराथन का सफल आयोजन करना नहीं, बल्कि एक ऐसे समाज का निर्माण करना है जहां आपसी विश्वास, भाईचारा और एकजुटता हो तथा हर व्यक्ति स्वस्थ, नशामुक्त और खुशहाल समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाए।
उन्होंने दोहराया कि लोगों को जोड़ने, दिलों की दूरियां मिटाने और पूरे क्षेत्र को एक परिवार के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प निरंतर जारी रहेगा।
