The post मशीनरी और विद्युत उपकरण सुरक्षा पर ‘मानक मंथन’ appeared first on Avikal Uttarakhand.
उद्योगों के सुरक्षा मानकों के अनुपालन में सहायक हो रही बीआईएस प्रमाणन योजनाएँ
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), देहरादून शाखा कार्यालय ने सोमवार को होटल रीजेंटा, सुभाष नगर, देहरादून में “मशीनरी और विद्युत उपकरण सुरक्षा (सार्वत्रिक तकनीकी विनियमन)” विषय पर ‘मानक मंथन’ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। विशेष अतिथि के रूप में उत्तराखंड लघु एवं सूक्ष्म उद्योग संघ के अध्यक्ष हरेंद्र गर्ग और उत्तराखंड उद्योग संघ के अध्यक्ष पंकज गुप्ता मौजूद रहे। भारी उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के उप सचिव गौरव जोशी तथा सेफ्टी सेंस के विशेषज्ञ समीर कंचन ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया।

बीआईएस देहरादून के निदेशक सौरभ तिवारी ने स्वागत भाषण में औद्योगिक क्षेत्र में मशीनरी सुरक्षा और उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में बीआईएस की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बीआईएस की विभिन्न प्रमाणन योजनाएँ उद्योगों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का पालन करने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।
मेयर सौरभ थपलियाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुणवत्ता और सुरक्षा एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हैं। उन्होंने उद्योगों से उच्च गुणवत्ता मानकों को अपनाने का आह्वान किया ताकि सुरक्षित एवं सतत विकास सुनिश्चित हो सके।
तकनीकी सत्र का संचालन मशीन सुरक्षा विशेषज्ञ समीर कंचन ने किया। उन्होंने मशीनरी सुरक्षा विनियमन के उद्देश्य, अंतरराष्ट्रीय मानकों की प्रासंगिकता और टाइप A, B तथा C मानकों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बीआईएस की स्कीम, लाइसेंस/सीओसी प्रक्रिया तथा मशीनरी वर्गीकरण के व्यावहारिक उदाहरण भी प्रस्तुत किए।
अपने वर्चुअल संबोधन में गौरव जोशी ने कहा कि इन नियामकों का उद्देश्य उद्योगों को सरल और सुगम तरीके से सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराना है।
इस अवसर पर उद्योग प्रतिनिधियों, उद्योग संघों, प्रयोगशालाओं तथा विद्यार्थियों सहित 100 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम हितधारकों के लिए उभरते नियामक ढांचे, अनुपालन आवश्यकताओं और तकनीकी विनियमन के तहत मशीनरी एवं विद्युत उपकरण सुरक्षा में मानकों की भूमिका को समझने हेतु एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।
The post मशीनरी और विद्युत उपकरण सुरक्षा पर ‘मानक मंथन’ appeared first on Avikal Uttarakhand.
