The post गुलदार के हमले में पति-पत्नी घायल appeared first on Avikal Uttarakhand.
दहशत में ग्रामीण, मुआवजे व सुरक्षा की मांग
अविकल उत्तराखंड
पौड़ी। विकासखंड एकेश्वर की मवालस्यूँ पट्टी के ग्रामसभा गजेरासैंण के तोक ढंगसोली तल्ली में बुधवार सुबह गुलदार ने हमला कर पति-पत्नी को घायल कर दिया।
पूर्व प्रधान प्रशांत पांथरी ने बताया कि सुबह करीब छह बजे देवेश्वरी देवी आँगन में पहुंचीं तो घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर झपट्टा मार दिया। शोर सुनकर पति अरविन्द कुमार उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन गुलदार ने उन पर भी हमला कर दिया। घटना में देवेश्वरी की पीठ व पेट और अरविन्द की जाँघ पर चोटें आईं। दोनों का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल में किया गया।
गौरतलब है कि करीब पखवाड़े पहले भी गुलदार ने इसी गाँव के राकेश पांथरी और मौके पर पहुँचे वन विभाग कर्मी को घायल किया था।
ग्राम प्रधान मंजू देवी ने कहा कि गुलदार के लगातार हमलों से ग्रामीण दहशत में हैं। महिलाएँ खेतों में घास लेने नहीं जा पा रही हैं और बच्चे भी डर के साये में स्कूल जा रहे हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से शीघ्र मुआवजा देने और गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
The post गुलदार के हमले में पति-पत्नी घायल appeared first on Avikal Uttarakhand.
