पत्रकारों के कल्याण को लेकर सरकार संवेदनशील: मुख्यमंत्री

Share This News:

The post पत्रकारों के कल्याण को लेकर सरकार संवेदनशील: मुख्यमंत्री appeared first on Avikal Uttarakhand.

उत्तरांचल प्रेस क्लब में  दीपावली महोत्सव

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब, देहरादून द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव-2025 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने लक्की ड्रॉ विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए और सभी पत्रकारों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब की भूमि आवंटन की प्रक्रिया गतिमान है। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद क्लब के लिए भव्य भवन का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन से लेकर आज तक पत्रकारों ने अपनी लेखनी के माध्यम से राज्य के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का पर्व सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का प्रतीक है। पत्रकारों का जीवन भी दीपकों की भांति है, जो निरंतर समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस दीपावली स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं। कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लिए स्वदेशी को बढ़ावा देना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय योजनाओं को लेकर कई कदम उठाए गए हैं। वरिष्ठ पत्रकार सम्मान योजना के तहत अनेक वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया जा रहा है। पत्रकार पेंशन में वृद्धि की गई है तथा विभिन्न जिलों से देहरादून आने वाले पत्रकारों के ठहरने की व्यवस्था भी सूचना विभाग के माध्यम से सुनिश्चित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री पत्रकार पेंशन योजना के तहत पत्रकार कल्याण कोष का बजट पाँच करोड़ रुपये से बढ़ाकर दस करोड़ रुपये किया गया है। पत्रकारों के स्वास्थ्य के लिए स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है तथा राज्यभर में मीडिया सेंट्रों के आधुनिकीकरण और प्रेस क्लबों के सशक्तिकरण का कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार समाज और लोकतंत्र के प्रहरी हैं। वे सच्चाई और जनहित के लिए जिस समर्पण के साथ कार्य करते हैं, वह प्रशंसनीय है। सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुँचाना और जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुँचाना— दोनों ही जिम्मेदारियां पत्रकारिता बखूबी निभा रही है।

कार्यक्रम में विधायक खजान दास, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, दायित्वधारी हेमराज बिष्ट, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, महामंत्री सुरेंद्र डसीला सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।

The post पत्रकारों के कल्याण को लेकर सरकार संवेदनशील: मुख्यमंत्री appeared first on Avikal Uttarakhand.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *