The post छात्रों ने निभाई सांसदों की भूमिका,उठे महत्वपूर्ण मुद्दे appeared first on Avikal Uttarakhand.
राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में युवा संसद का आयोजन
अविकल उत्तराखंड
नई टिहरी। राजकीय महाविद्यालय, खाड़ी (टिहरी गढ़वाल) में युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के विभिन्न छात्र-छात्राओं ने युवा सांसदों की भूमिका निभाई।
सर्वप्रथम सदन में लोकसभा अध्यक्ष का आगमन हुआ, जिनका सभी सांसदों ने स्वागत किया। तत्पश्चात वर्ष 2025 में विभिन्न स्थानों पर आई आपदाओं में मृतकों तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट के निधन पर सदन में शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी गई।
अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही प्रारंभ करते हुए प्रश्नकाल में विपक्षी सांसदों को सरकार से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछने के लिए आमंत्रित किया। विपक्षी भूमिका में विपिन, तनीषा, खुशी, सिमरन, कृष, प्रीति, रंजन और आयुषी ने सरकार से प्रश्न पूछे।

इसके उत्तर में रक्षा, विदेश, स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य, पर्यावरण तथा तकनीकी व संचार मंत्री की भूमिकाएँ निभा रहे छात्रों ने संतोषजनक जवाब प्रस्तुत किए।
प्रधानमंत्री की भूमिका निभा रहे छात्र ने भारत के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और तकनीकी विकास के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखते हुए सदन से आग्रह किया कि सभी सांसद अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के लिए कृतसंकल्प हों और भारत को विश्व शक्ति बनाने में योगदान दें।
युवा संसद की कार्यवाही समाप्त होने के पश्चात प्रोफेसर निरंजना शर्मा ने देश में संसद की भूमिका तथा राष्ट्रीय विकास में पक्ष और विपक्ष की महत्ता पर चर्चा की।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ए.के. सिंह ने छात्रों को संसदीय कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करने की दिशा में इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी जरूरतों से जुड़े प्रश्नों पर हुई चर्चा की सराहना की और कहा कि स्वस्थ एवं निष्पक्ष संसदीय कार्य प्रणाली ही प्रभावी नीति निर्माण का आधार है।
अंत में प्राचार्य महोदय ने प्रो. निरंजना शर्मा को बधाई देते हुए छात्रों के उत्कृष्ट अभिनय और प्रस्तुति की प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में संयोजक प्रो. निरंजना शर्मा ने प्राचार्य महोदय तथा सभी उपस्थितजन का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में समस्त प्राध्यापक, कार्यालय कर्मचारी एवं अन्य छात्र-छात्राएँ दर्शक के रूप में उपस्थित रहे।
The post छात्रों ने निभाई सांसदों की भूमिका,उठे महत्वपूर्ण मुद्दे appeared first on Avikal Uttarakhand.
