The post ओवरटेकिंग विवाद में फायरिंग से रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत appeared first on Avikal Uttarakhand.
टायर पर चलाई गोली से पूर्व सैन्य अफसर की मौत
जोहड़ी गांव में कार सवारों का बवाल
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। कानून व्यवस्था की लगातार धज्जियां उड़ने की एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है।
राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह ओवरटेकिंग को लेकर दो कार सवारों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। स्कॉर्पियो कार सवार व्यक्तियों द्वारा दूसरी कार को रोकने के लिए की गई फायरिंग में मॉर्निंग वॉक पर निकले 75 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर एम.के. जोशी की गोली लगने से मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार सुबह लगभग 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि मसूरी रोड स्थित मालसी के पास दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो एन कार सवारों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हो गया था।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसे रोकने के लिए उसके टायरों पर गोली चलाई। इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर जोशी को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के दौरान फॉर्च्यूनर कार जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर में सवार लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
एसएसपी के निर्देश पर पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

The post ओवरटेकिंग विवाद में फायरिंग से रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत appeared first on Avikal Uttarakhand.
