खटीमा बढ़ती गर्मी और लू के कारण वायरल बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। खटीमा उप जिला अस्पताल में फिजिशियन की ओपीडी में तेज बुखार, पेट दर्द, शरीर में थकान, डिहाइड्रेशन आदि के मरीज काफी संख्या में पहुंच रहे हैं।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गर्मी, तेज धूप और लू से लोगों के स्वास्थ्य पर सीधा असर पड़ रहा है जिसके चलते खटीमा उप जिला अस्पताल की ओपीडी में वर्तमान में वायरल रोगी काफी संख्या में पहुंच रहे हैं। अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एसए अब्बास बताते हैं कि वायरल रोगों से संक्रमित प्रतिदिन औसतन 50 मरीज आ रहे हैं। लगातार गर्मी में रहने से शरीर थक जाता है और रोगों से लड़ने की क्षमता कम हो जाती है जिस कारण वायरल संक्रमण होने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में खान-पान व साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने की जरूरत है। —
