The post धामी कैबिनेट में उत्तराखण्ड राज्य पूर्ण साक्षर घोषित appeared first on Avikal Uttarakhand.
उपनल कर्मचारियों को बड़ी राहत
उत्तराखंड कैबिनेट के 12 अहम फैसले
चारधाम यात्रा व प र्यटन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव मंजूर
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में 12 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी और पद्मश्री निशानेबाज जसपाल राणा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर की गई।
कैबिनेट ने शिक्षा, रोजगार, कृषि, पर्यटन, कारागार प्रशासन और चारधाम यात्रा से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। इनमें उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित करने, उपनल कर्मचारियों को राहत देने और चारधाम यात्रा में संचालित घोड़ा-खच्चरों के लिए बीमा सहायता उपलब्ध कराने जैसे फैसले प्रमुख रहे।
कैबिनेट के प्रमुख निर्णय
■ संस्कृत शिक्षा उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा संशोधन नियमावली-2026 को मंजूरी दी गई। इसके तहत संस्कृत विद्यालयों की मान्यता, पाठ्यक्रम और परीक्षा व्यवस्था में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।
■ उपनल कर्मचारी समान कार्य-समान वेतन के लिए कटऑफ तिथि 12 नवंबर 2018 से बढ़ाकर 15 अगस्त 2024 कर दी गई है। इससे बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लाभ मिलने की संभावना है।
■ लोक निर्माण विभाग मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के कारण बढ़ी बिटुमेन की कीमतों के प्रभाव को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था बनाने का निर्णय लिया गया।
■ माध्यमिक शिक्षा प्रदेश को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सरकार के अनुसार उत्तराखंड की साक्षरता दर 98 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है।
■ आबकारी विभाग होलोग्राम के दोहराव की स्थिति में दोहरा कर नहीं लगाया जाएगा। ऐसे मामलों में केवल एक बार ही कर वसूला जाएगा।
■ कृषि विभाग सगंध एवं हर्बल उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए सेलाकुई स्थित सगंध केंद्र में मिलावट जांच की सुविधा विकसित की जाएगी। इसके लिए पांच पदों को स्वीकृति दी गई है।
■ पर्यटन विभाग अंतरराष्ट्रीय हिमालयन कार रैली के आयोजन को मंजूरी दी गई। आयोजन की जिम्मेदारी मद्रास की एक संस्था को सौंपी जाएगी। रैली में करीब 50 अंतरराष्ट्रीय कारों के भाग लेने की संभावना है।
■ गृह विभाग उत्तराखंड कारागार नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई। साथ ही कारागार अधीनस्थ सेवा नियमावली को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
■ राज्य आंदोलनकारी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कनिष्ठ सहायक एवं पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2024 में प्रमाण पत्र समय पर न बन पाने वाले राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को दस्तावेज सत्यापन में एक बार विशेष राहत देने का निर्णय लिया गया।
■ चारधाम यात्रा यात्रा में संचालित घोड़ा-खच्चरों के लिए सरकार 5 प्रतिशत बीमा दर के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराएगी।
■ पशुपालन विभाग दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से एम्ब्रियो ट्रांसफर तकनीक आधारित गौवंश संवर्धन की पायलट परियोजना को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट के इन फैसलों को राज्य में शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, कृषि और पशुपालन क्षेत्र को नई गति देने वाला माना जा रहा है। विशेष रूप से उपनल कर्मचारियों, राज्य आंदोलनकारियों और चारधाम यात्रा से जुड़े हितधारकों को इन निर्णयों से सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
The post धामी कैबिनेट में उत्तराखण्ड राज्य पूर्ण साक्षर घोषित appeared first on Avikal Uttarakhand.
