The post बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर कांग्रेस का हल्ला बोल appeared first on Avikal Uttarakhand.
मुख्य सचिव से मिले कांग्रेस नेता
‘चौकी से जिला स्तर तक पुलिस की जवाबदेही तय हो’
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में मुख्य सचिव आनंद वर्धन से मुलाकात की। सचिवालय स्थित कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव को मांग पत्र सौंपकर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पुलिस की जवाबदेही तय करने की मांग की।
धस्माना ने कहा कि वर्ष की शुरुआत से ही राजधानी देहरादून में लगातार गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने परेड ग्राउंड में प्रेस क्लब के सामने दिनदहाड़े युवक की हत्या, राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में एसएसपी आवास से कुछ दूरी पर हुई गोलीबारी में युवक की हत्या, जोहड़ी गांव में गैंगवार के दौरान सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की मौत, पलटन बाजार में युवती की हत्या, भाजपा पार्षद अमिता सिंह के परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर घर में लूट और रायपुर थाना क्षेत्र के विष्णु लोक में हुए तिहरे हत्याकांड का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही घटनाओं से राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर जनता में भय का माहौल है। इसका सबसे अधिक असर अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों पर पड़ रहा है। धस्माना ने आरोप लगाया कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के अपराधी भी कमजोर पुलिसिंग का लाभ उठाकर देहरादून में शरण ले रहे हैं और यहां व्यवसाय तक संचालित कर रहे हैं।
उन्होंने मुख्य सचिव से मांग की कि किसी भी जघन्य अपराध की स्थिति में संबंधित चौकी, थाना, सर्कल और जिला स्तर के अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही प्रत्येक थाना क्षेत्र में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस को विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए जाएं।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश कौशल, पूर्व प्रदेश महासचिव जगदीश धीमान और युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित खन्ना शामिल रहे।
The post बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर कांग्रेस का हल्ला बोल appeared first on Avikal Uttarakhand.
