The post परेड ग्राउंड टेनिस कोर्ट की सदस्यता फीस बढ़ोतरी का विरोध appeared first on Avikal Uttarakhand.
खिलाड़ियों ने सीएम से लगाई गुहार
टेनिस खिलाड़ियों पर ₹3 हजार मासिक फीस का बोझ
पूर्व की तरह ₹1 हजार करने की मांग
अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून। परेड ग्राउंड स्थित टेनिस कोर्ट की सदस्यता फीस में अचानक की गई बढ़ोतरी का खिलाड़ियों ने विरोध किया है। खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर बढ़ी हुई फीस को वापस लेने और पूर्व की भांति 1000 रुपये मासिक करने की मांग की है। पत्र खेल सुविधाओं एवं उपकरणों के उपयोग पर निर्धारित शुल्क के संबंध में जारी शासनादेश के संदर्भ में भेजा गया है।
खिलाड़ियों का कहना है कि उत्तराखंड सरकार की ओर से विकसित खेल सुविधाओं के लिए वे आभार व्यक्त करते हैं। परेड ग्राउंड स्थित खेल मैदान में टेनिस कोर्ट का विकास भी सराहनीय प्रयास है। हालांकि, शासनादेश के तहत टेनिस की सदस्यता फीस में अचानक 3000 रुपये की वृद्धि कर दी गई है, जो खिलाड़ियों के लिए उचित नहीं है।

पत्र में कहा गया है कि परेड ग्राउंड के टेनिस कोर्ट में खेलने वाले अधिकांश खिलाड़ी राजकीय सेवा से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। इनमें कई खिलाड़ी सशस्त्र बलों से पदक विजेता रहे हैं और लंबे समय तक देश की सेवा कर चुके हैं। वर्तमान में इनमें से अधिकांश खिलाड़ी पेंशन पर जीवनयापन कर रहे हैं। ऐसे में मासिक फीस में हुई बढ़ोतरी उनके लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ है।
खिलाड़ियों ने कहा कि सरकार की ओर से विकसित खेल परिसर को आय का साधन बनाने के बजाय अधिक से अधिक नागरिकों को खेल सुविधाओं से जोड़ने पर जोर दिया जाना चाहिए। टेनिस कोर्ट आउटडोर खेल होने के कारण यहां बिजली, फर्नीचर आदि पर सरकार को अतिरिक्त खर्च भी नहीं करना पड़ता। इसलिए फीस में बढ़ोतरी का कोई औचित्य नजर नहीं आता।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि केंद्र सरकार के दिल्ली स्थित टेनिस कोर्ट की सदस्यता फीस महज 1000 रुपये प्रतिमाह है। खिलाड़ियों ने खेल भावना और जनहित को ध्यान में रखते हुए परेड ग्राउंड टेनिस कोर्ट की फीस भी पूर्व की तरह 1000 रुपये प्रतिमाह रखने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित अधिकारी को इस संबंध में आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया है।
The post परेड ग्राउंड टेनिस कोर्ट की सदस्यता फीस बढ़ोतरी का विरोध appeared first on Avikal Uttarakhand.
