The post स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए 16 से चलेगा विशेष वाहन जांच अभियान appeared first on Avikal Uttarakhand.
22 नवंबर तक स्कूल बसों, वैन, कैब और यात्री बसों की होगी सघन जांच, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड में 16 से 22 नवंबर तक प्रदेशव्यापी विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर परिवहन और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से यह अभियान संचालित करेंगे। इसके तहत स्कूल बसों, वैन, कैब और यात्री बसों का सघन निरीक्षण किया जाएगा।
सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ के राज्य समन्वयक विनय थपलियाल ने बताया कि अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने सभी संभागीय परिवहन अधिकारियों को स्कूली वाहनों के सुरक्षा मानकों की जांच के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारियों के साथ तकनीकी अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल रहेंगे।
इन मानकों की होगी जांच
अभियान में स्कूल बसों और अन्य वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्रों की जांच की जाएगी। वाहन चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस का सत्यापन भी होगा। इसके अलावा वाहनों में आपातकालीन निकास, अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक उपचार पेटी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
स्कूल वाहनों में निर्धारित यात्री क्षमता, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यात्री बसों की फिटनेस, परमिट की शर्तों और सुरक्षा उपकरणों की भी पड़ताल होगी। ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग और असुरक्षित तरीके से वाहन संचालन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन-पुलिस विभाग करेंगे संयुक्त कार्रवाई
विनय थपलियाल ने बताया कि अभियान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। संबंधित जिलों में जांच और कार्रवाई की नियमित समीक्षा होगी। अभियान की विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य स्कूली बच्चों सहित सार्वजनिक परिवहन के यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और वाहनों में निर्धारित कानूनी एवं तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन कराना है।
The post स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए 16 से चलेगा विशेष वाहन जांच अभियान appeared first on Avikal Uttarakhand.
