बीएएमएस प्रवेश -ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया 18 अक्टूबर से

बीएएमएस प्रवेश -ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया 18 अक्टूबर से
Share This News:

The post बीएएमएस प्रवेश -ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया 18 अक्टूबर से appeared first on Avikal Uttarakhand.

उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में बीएएमएस की 655 सीटों पर होगा आवंटन

24 अक्टूबर तक पंजीकरण का मौका

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बीएएमएस (बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए नीट यूजी-2026 की मेरिट के आधार पर दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत प्रदेश के विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध आयुर्वेदिक चिकित्सा संस्थानों में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण, विकल्प भरने और सीट आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी काउंसिलिंग विज्ञप्ति के अनुसार, दूसरे चरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण, काउंसिलिंग शुल्क जमा करने, कॉलेजों के विकल्प भरने और अंतिम प्रिंट निकालने की प्रक्रिया 18 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थी 18 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.uau.ac.in पर उपलब्ध काउंसिलिंग पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकेंगे।

काउंसिलिंग की मेरिट सूची 28 अक्टूबर को रात 11:30 बजे तक जारी की जाएगी। काउंसिलिंग बोर्ड की बैठक के बाद परिणाम 5 नवंबर को रात 11:30 बजे घोषित किया जाएगा। आवंटित कॉलेज में प्रवेश लेने की प्रक्रिया 6 से 13 नवंबर तक कार्यदिवसों में पूरी करनी होगी।

655 सीटों पर होगा आवंटन

विश्वविद्यालय की ओर से जारी संस्थानवार विवरण के अनुसार, दूसरे चरण की काउंसिलिंग में कुल 655 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें राज्य कोटे की 565 और अखिल भारतीय कोटे की 90 सीटें शामिल हैं। सीटों का आवंटन अभ्यर्थियों की नीट यूजी-2026 मेरिट, पात्रता, आरक्षण नियमों, उपलब्ध सीटों और उनके द्वारा भरे गए कॉलेज विकल्पों के आधार पर किया जाएगा।

हरिद्वार, देहरादून, रुड़की और हल्द्वानी स्थित विश्वविद्यालय परिसरों तथा संबद्ध आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेजों में ये सीटें उपलब्ध हैं। ऋषिकुल परिसर, हरिद्वार में 21, गुरुकुल परिसर, हरिद्वार में 16 और देहरादून स्थित मुख्य परिसर में 15 सीटें हैं। इसके अतिरिक्त संबद्ध संस्थानों में भी सीटें उपलब्ध कराई गई हैं। सबसे अधिक 73 सीटें उत्तरांचल मेडिकल कॉलेज ऑफ आयुर्वेद एंड रिसर्च, देहरादून में हैं। मदरहुड आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, हरिद्वार में 70 और अरोमा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, हरिद्वार में 56 सीटें हैं।

अभिलेखों का सत्यापन जरूरी

विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग से पहले वेबसाइट पर उपलब्ध काउंसिलिंग सूचना पुस्तिका का अध्ययन करने की सलाह दी है। ऑनलाइन आवेदन में नीट यूजी-2026 स्कोरकार्ड, रैंक विवरण, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पहचान पत्र, फोटो, हस्ताक्षर और लागू होने पर निवास, श्रेणी तथा आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र निर्धारित प्रारूप में अपलोड करने होंगे।

अभ्यर्थियों को कॉलेज विकल्प निर्धारित समय में भरने होंगे। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद पंजीकरण या शुल्क संबंधी अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन में गलत जानकारी देने, तथ्य छिपाने या कूटरचित अभिलेख प्रस्तुत करने पर पात्रता और सीट आवंटन निरस्त किया जा सकता है।

पहले चरण की काउंसिलिंग में अभिलेखों की कमी, त्रुटि या निर्धारित मानकों के अनुरूप दस्तावेज उपलब्ध न कराने के कारण निरस्त किए गए 28 अभ्यर्थियों को भी दूसरे चरण में प्रतिभाग करने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर वैध और पूर्ण अभिलेख निर्धारित प्रारूप में अपलोड करने होंगे। हालांकि, केवल दूसरे चरण की काउंसिलिंग में भाग लेने से सीट आवंटन का अधिकार नहीं मिलेगा।

विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को पंजीकरण क्रमांक, लॉगिन विवरण और भुगतान की रसीद सुरक्षित रखने तथा किसी अनधिकृत व्यक्ति या एजेंट के माध्यम से सीट आवंटन का आश्वासन स्वीकार नहीं करने की सलाह दी है। काउंसिलिंग कार्यक्रम में संशोधन या अन्य निर्देशों की जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।

The post बीएएमएस प्रवेश -ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया 18 अक्टूबर से appeared first on Avikal Uttarakhand.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *