The post खाद्य प्रसंस्करण में एआई से घटेगी बर्बादी appeared first on Avikal Uttarakhand.
ग्राफिक एरा में अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी शुरू
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। ग्राफिक एरा में देश-विदेश के वैज्ञानिक खाद्य प्रसंस्करण, सुरक्षा और पोषण को बेहतर बनाने के लिए नई तकनीकों पर मंथन कर रहे हैं। इसके लिए दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी शुरू हो गई है।
ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में आज खाद्य तकनीक, सुरक्षा और पोषण में आधुनिक तकनीक एवं नवाचार विषय पर अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी शुरू हो गई। संगोष्ठी के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान, मैसूर के निदेशक डॉ. गिरिधर पर्वतम ने कहा कि आधुनिक तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बेहतर बनाने, बर्बादी रोकने और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि खेतों से लेकर बाजार तक खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ नई तकनीकों का लाभ किसानों तक पहुंचाना जरूरी है।
एसोसिएशन ऑफ फूड साइंटिस्ट्स एंड टेक्नोलॉजिस्ट्स (इंडिया) के अध्यक्ष डॉ. परमजीत एस. पानेसर ने कहा कि खाद्य उद्योग से निकलने वाले अपशिष्ट को मूल्यवान जैव उत्पादों में बदला जा सकता है। इससे न केवल खाद्य अपशिष्ट कम होगा, बल्कि संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल और पर्यावरण संरक्षण भी संभव होगा।
कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पोषण और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नई तकनीकों के साथ पारंपरिक खाद्य प्रणालियों को भी बढ़ावा देना जरूरी है।
दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में खाद्य सुरक्षा, पोषण, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेटबंद खाद्य सामग्री में माइक्रोप्लास्टिक के प्रभाव, खाद्य अपशिष्ट से मूल्यवान उत्पाद बनाने और पौधों से प्रोटीन के नए विकल्प विकसित करने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसमें चीन, साउथ कोरिया, रसिया समेत छह देशों और सात राज्यों के वैज्ञानिक, शोधकर्ता और विशेषज्ञ अपने शोध पत्र प्रस्तुत करने के साथ खाद्य उद्योग की चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान साझा करेंगे। दक्षिण कोरिया की सियोल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. ह्यूनूक किम भी संगोष्ठी में भाग ले रहे हैं।
इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन यूनिवर्सिटी के डिपार्टमेंट ऑफ फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी, डिपार्टमेंट ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट ने एसोसिएशन ऑफ फूड साइंटिस्ट्स एंड टेक्नोलॉजिस्ट्स (इंडिया), अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में प्रो वीसी डॉ संतोष एस सराफ, कुलसचिव डॉ नरेश कुमार शर्मा, फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट के हेड डॉ विनोद कुमार, डिपार्टमेंट ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट के हेड डॉ अमर डबराल, अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
The post खाद्य प्रसंस्करण में एआई से घटेगी बर्बादी appeared first on Avikal Uttarakhand.
