बर्फीले तूफान ने छीनी 4 जिंदगियां, केदारताल में अब भी 4 ट्रैकर्स लापता !

बर्फीले तूफान ने छीनी 4 जिंदगियां, केदारताल में अब भी 4 ट्रैकर्स लापता !
Share This News:

केदारताल ट्रैक पर हुए हिमस्खलन ने कई परिवारों को गहरे जख्म दिए है। हादसे में अब तक चार पर्वतारोहियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।

केदारताल ट्रैक पर पश्चिम बंगाल के बाकुड़ा जिले साल्बनी गांव के चार युवक हिमस्खलन की घटना के बाद लापता हो गए हैं। इनके साथ पड़ोस गांव केशरा का युवक भी केदारताल ट्रैकिंग पर गया था। वह भी छह दिन से लापता है। ट्रैकर्स के परिजनों ने बताया कि यह लोग इससे पूर्व भी चार बार देश के विभिन्न ट्रैक पर ट्रैकिंग के लिए गए थे। दूसरी ओर ट्रैकिंग की शौकीन लखनऊ की दो बहनों के लिए केदारताल आखिरी ट्रैक बन गया।

केदारताल ट्रैक पर पश्चिम बंगाल के साल्बनी गांव के तपस बाउरी (30), रतन घोष (23), रिंटु मंडल (40), उदय घोष (30) और उनका दोस्त केशरा गांव निवासी मनोज खोवास (39) लापता है। हालांकि रेस्क्यू अभियान में दो पुरुष ट्रैकर्स के शव मिले हैं लेकिन शिनाख्त न होने के कारण यह पता नहीं लग पाया है कि इन पांचों में से यह दो शव किसके हैं।

केदारताल ट्रैक पर लापता रिंटु मंडल के भांजे सुब्रतो मंडल ने बताया कि उनके मामा और इनके दोस्त इससे पहले भी ट्रैकिंग पर एक साथ जाते रहे हैं। रिंटु एक फैक्टरी में सुपरवाइजर का कार्य करते थे। साथ ही ट्रैक पर गए अन्य लोगों में से तीन लोग उसी फैक्टरी में काम करते थे। यह लोग छुट्टी लेकर केदारताल ट्रैक की ट्रैकिंग के लिए आए थे।

केदारताल ट्रैक पर मिले दो और पर्वतारोहियों के शव

केदारताल ट्रैक पर फंसे हुए आठ पर्वतारोहियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में अब तक चार के शव बरामद हो चुके हैं। इनमें लखनऊ निवासी दो बहनों के शव भी हैं। दो लोगों के शव मंगलवार को और दो शव बुधवार को मिले हैं। लखनऊ की दीपिक वर्मा व वर्तिका वर्मा के लिए यह उनका अंतिम ट्रैक बन गया। बहनों को ढूंढने आए इनके भाई अतुल वर्मा ने शवों की शिनाख्त के बाद किसी प्रकार से अपने परिवार के लोगों को इसकी सूचना दी। वर्मा ने बताया कि उनकी बहनें लंबे समय से ट्रैकिंग करती थी। दो माह पूर्व ही चमोली में फूलों की घाटी का ट्रैक किया था।

केदारताल ट्रैक पर बुधवार दोपहर बाद फिर बर्फबारी शुरू होने के बाद अभियान रोकना पड़ा। बृहस्पतिवार को दोबारा चार लोगों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया जाएगा। डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि दोनों मृतक महिलाओं की शिनाख्त गायत्रीपुरम लखनऊ निवासी दीपिका वर्मा और वर्तिका वर्मा के रूप में हुई है।

उनकी शिनाख्त भाई अतुल वर्मा ने की है। अन्य दो लोगों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। यह पर्वतारोही पांच दिन पूर्व केदारताल ट्रैक पर कच्ची ढांग के समीप हिमस्खलन के बाद बर्फबारी होने से फंस गए थे। उनकी तलाश करने के लिए एसडीआरएफ व निम की टीम तभी से अभियान चला रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *