उधमसिंहनगर में SDRF ने बचाई 34 जिंदगियाँ

उधमसिंहनगर में SDRF ने बचाई 34 जिंदगियाँ
Share This News:

The post उधमसिंहनगर में SDRF ने बचाई 34 जिंदगियाँ appeared first on Avikal Uttarakhand.

स्कूली बच्चों समेत सभी फंसे लोग सकुशल सुरक्षित

‘जिलों में पूरी तैयारी रखें, आने वाले दिन चुनौतीपूर्ण

सूचना आदान-प्रदान में कमी न रहे

देहरादून। एसडीआरएफ ने उधमसिंहनगर में बाढ़ में फंसे 34 लोगों को बचाया।

मौसम विज्ञान विभाग द्वारा राज्य के विभिन्न जनपदों के लिए जारी रेड और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) आनंद स्वरूप ने कहा कि आने वाले कुछ दिन बारिश के लिहाज से राज्य के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, इसलिए सभी जिलों में पूर्व तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।

स्वरूप ने कहा कि अधिकारी आईएमडी की वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने सचेत एप के अधिक प्रचार-प्रसार और आमजन को इसे डाउनलोड कराने पर भी जोर दिया। साथ ही गुरुवार रात हुई अतिवृष्टि से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने राहत शिविरों में भोजन, पानी, बिजली, शौचालय आदि की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने और असुरक्षित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के आदेश दिए।

इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो0 ओबैदुल्लाह अंसारी, डॉ. पूजा राणा, हेमंत बिष्ट, तंद्रीला सरकार आदि मौजूद रहे।

पहाड़ों में बारिश, मैदानों में असर

आनंद स्वरूप ने कहा कि पहाड़ों में अधिक वर्षा होने का असर मैदानी क्षेत्रों पर भी पड़ सकता है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ और जलभराव की स्थिति बन सकती है। इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं। उन्होंने सैटेलाइट फोन की नियमित मॉनिटरिंग और रखरखाव पर भी जोर दिया।

सूचनाओं के आदान-प्रदान में कमी न रहे

डीआईजी राजकुमार नेगी ने कहा कि इस बार चुनौतियां अधिक हैं, इसलिए सूचना आदान-प्रदान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी स्वयं और डीईओसी के माध्यम से राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को प्रत्येक घटना की जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि हर नागरिक तक समय पर अलर्ट पहुंचना बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने नए पंचायत प्रतिनिधियों के संपर्क नंबर व्हाट्सएप ग्रुप में अपडेट करने के निर्देश दिए।

स्कूली बच्चों सहित 34 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया

29 अगस्त, शुक्रवार को पुलिस चौकी पतरामपुर से सूचना मिली कि कुंडा क्षेत्र, मारिया स्कूल के पास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से कुछ स्कूली बच्चे और अन्य लोग नदी के दूसरी ओर फंसे हुए हैं।

सूचना पर निरीक्षक अर्जुन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में SDRF रुद्रपुर टीम रेस्क्यू उपकरणों और राफ्ट के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुँची। स्थिति का आकलन कर टीम ने अभियान चलाते हुए नदी के दूसरी ओर पहुँचे और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू अभियान में 11 पुरुष, 2 महिलाएँ और 21 बच्चों सहित कुल 34 लोगों को सकुशल नदी पार कर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया। इससे पहले टीम ने कुंडा क्षेत्र में ही नदी में फंसे एक अन्य व्यक्ति को भी राफ्ट की सहायता से बचाकर जिला पुलिस को सुपुर्द किया।

SDRF की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से सभी फंसे हुए लोगों की जान बचाई जा सकी।

The post उधमसिंहनगर में SDRF ने बचाई 34 जिंदगियाँ appeared first on Avikal Uttarakhand.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *