The post स्वास्थ्य विभाग को मिलेंगे 287 और नये चिकित्सक appeared first on Avikal Uttarakhand.
चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने जारी की भर्ती विज्ञप्ति
अविकल उत्तराखंड
देहरादून।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को 287 और नये चिकित्सक मिलेंगे। राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने चिकित्सा अधिकारियों की सीधी भर्ती के लिये अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे हैं। चयन बोर्ड ने उक्त भर्ती हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 दिसम्बर 2025 निर्धारित की है। उक्त पदों हेतु अभ्यर्थियों के लिये न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष व अधिकतम 42 वर्ष सुनिश्चित की है।
सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश के उपरांत स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के अंतर्गत साधारण ग्रेड चिकित्सा अधिकारियों के रिक्त 287 पदों सीधी भर्ती हेतु राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को अधियाचन भेजा गया था, जिसमें 231 पद सीधी भर्ती और 56 बैकलॉग के पद शामिल हैं। उक्त के क्रम चयन बोर्ड ने आज चिकित्सा अधिकारियों रिक्त पदों को सीधी भर्ती से भरने हेतु भर्ती विज्ञप्ति जारी कर अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे हैं। चयन बोर्ड द्वारा जारी भर्ती विज्ञप्ति में चिकित्सा अधिकारियों के इन पदों में अनारक्षित श्रेणी के कुल 141, अनुसूचित जाति 70, अनुसूचित जनजाति 11, अन्य पिछड़ा वर्ग 38, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के तहत 27 पद शामिल हैं। जिस हेतु ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आगामी 20 नवम्बर 2025 से शुरू हो जायेगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 10 दिसम्बर 2025 को निर्धारित की गई है। चयन बोर्ड से चिकित्सकों के चयन के उपरांत उन्हें प्रदेश के दूरस्थ चिकित्सालयों में प्रथम तैनाती दी जायेगी, ताकि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिले सकेगी।
बयान-
राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आम जनता को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। इसी दिशा में सरकार लगातार चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती कर रही है। 287 नये चिकित्सकों की नियुक्ति भी इसी प्रयास का हिस्सा है, जिससे सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। – डॉ. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य मंत्री, उत्तराखंड।
The post स्वास्थ्य विभाग को मिलेंगे 287 और नये चिकित्सक appeared first on Avikal Uttarakhand.
