किसी भी जांच के लिए सरकार तैयार,ठोस सबूत लाएं – बंसल

Share This News:

The post किसी भी जांच के लिए सरकार तैयार,ठोस सबूत लाएं – बंसल appeared first on Avikal Uttarakhand.

अंकिता मर्डर मामले में पत्रकारों ने कर दी सवालों की बौछार

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। अंकिता मर्डर केस में मीडिया को फेस करना भाजपा नेताओं के लिए भारी पड़ता जा रहा है।
सोमवार को कुछ ऐसा ही नजारा प्रदेश भाजपा कार्यालय में देखने को मिला। इस बार राज्यसभा सांसद नरेश बंसल पत्रकारों से मुखातिब हुए। लेकिन पत्रकारों ने वीआईपी व सीबीआई जांच के अलावा अंकिता की व्हाट्सएप्प चैट को लेकर कई सवाल दाग दिए। कई बार तनाव की स्थिति भी बनी।

बंसल ने हाईकोर्ट के फैसले को जैसे तैसे पढ़ कर खत्म किया, तो पत्रकारों ने अंकिता की चैट की वीआईपी व एक्स्ट्रा सर्विस सम्बन्धी बातों को उठाकर कई सवाल पूछ डाले।

पत्रकारों ने काल डिटेल रिपोर्ट ,वीआईपी मुद्दे की जांच और बुलडोजर कार्रवाई में अहम भूमिका निभाने वालों से पूछताछ नहीं होने पर जवाब मांगा।

प्रश्नों के दौरान बीच बचाव कर रहे पार्टी प्रवक्ता मनवीर चौहान को भी पत्रकारों की नाराजगी झेलनी।पड़ी।

बहरहाल, भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद विपक्ष पर संवेदनशील मुद्दे को लेकर गैरजिम्मेदार राजनीति कर प्रदेश का माहौल खराब करने का आरोप लगाया है।

पार्टी के राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने स्पष्ट किया कि सरकार ठोस साक्ष्यों के आधार पर किसी भी प्रकार की जांच के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने हालिया घटनाक्रम में बैनर फाड़ने, तोड़फोड़ और अभद्रता की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि इंसाफ के नाम पर शुरू किया गया आंदोलन अब राजनीतिक अराजक तत्वों के प्रभाव में आता दिख रहा है।

पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में नरेश बंसल ने कहा कि अंकिता हत्याकांड जैसे अत्यंत संवेदनशील विषय पर विपक्ष और कुछ राजनीतिक महत्वाकांक्षा रखने वाले लोग तथ्यहीन आरोप लगाकर वातावरण खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने दोहराया कि घटना सामने आते ही त्वरित कार्रवाई की गई, महिला डीआईजी के नेतृत्व में एसआईटी गठित हुई और सभी पुख्ता साक्ष्य अदालत में प्रस्तुत किए गए। लंबी न्यायिक प्रक्रिया के बाद दोषियों को उम्रकैद की सजा मिली और मामला वर्तमान में उच्च न्यायालय में अपीलाधीन है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास कोई भी प्रामाणिक साक्ष्य हैं तो उन्हें जांच एजेंसियों या न्यायालय के समक्ष लाया जाए। बिना सबूतों के मुद्दे को उछालना न्याय प्रक्रिया और दिवंगत बेटी अंकिता—दोनों के साथ अन्याय है।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी और प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक भी मौजूद रहे।

अंकिता मामले की सीबीआई व वीआईपी की शिनाख्त को लेकर प्रदेश में हर रोज प्रदर्शन व मशाल जुलूस निकल रहे हैं।
भाजपा के पूर्व सीएम तीरथ रावत ने भी जनभावनाओं के अनुरूप सीबीआई जांच की बात कही है।
पूर्व प्रवक्ता वीरेंद्र बिष्ट ने भी सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी की फजीहत हो रही है।
इससे पूर्व त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मंत्री विजया बड़थ्वाल समेत अन्य नेता भी अंकिता को न्याय देने की मांग कर चुके हैं।
इसके अलावा सोशल मीडिया में भो यह मुद्दा जोर पकड़ चुका है। इधऱ, पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर व उर्मिला सनावर को भी पुलिस तलाश नहीं पाई है।

The post किसी भी जांच के लिए सरकार तैयार,ठोस सबूत लाएं – बंसल appeared first on Avikal Uttarakhand.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *