तकनीक, रोमांच और संस्कृति का अनूठा संगम

तकनीक, रोमांच और संस्कृति का अनूठा संगम
Share This News:

The post तकनीक, रोमांच और संस्कृति का अनूठा संगम appeared first on Avikal Uttarakhand.

ग्राफेस्ट 26 का दूसरा दिन

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। ग्राफेस्ट-26 का दूसरा दिन तकनीकों, रहस्य और रचनात्मकता के नाम रहा। कार रेसिंग का रोमांच, सीआईडी फाइल्स की  जांच-पड़ताल और इनोवेटिव व्यंजन बनाने के रोचक मुकाबलों ने ग्राफेस्ट को बेहद दिलचस्प बना दिया। ग्राफेस्ट में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी जलवा बरकरार रहा।

ग्राफेस्ट-26 के दूसरे दिन देश के 17 राज्यों और ग्राफिक एरा में पढ़ने वाले देश-विदेश के छात्र-छात्राओं ने अपनी तकनीकी और सांस्कृतिक प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी का हर कोना विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों के हुनर और नवाचार की जीवंत झलक पेश करता नजर आया।

आरसी कार रेसिंग में छात्र-छात्राएं रिमोट कंट्रोल कारों के साथ ट्रैक पर अपनी तकनीकी पकड़ आजमाते नजर आए, जहां हाई-स्पीड नेविगेशन, माइक्रो-लेवल कंट्रोल और स्मार्ट इंजीनियरिंग डिजाइन के तालमेल ने इस मुकाबले को एक लाइव टेक्निकल चैलेंज में बदल दिया। आरसी कार रेसिंग प्रतियोगिता में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की टीम इंडर (सावन रावत, निशचय अधिकारी और कनिका सिंह) ने प्रथम स्थान और टीम मार्क-II (हर्ष और नेहा की टीम) ने द्वितीय स्थान जबकि ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी की टीम पूर्वांचल (वैभव सिंह, आशीष गुप्ता, संस्कार पांडेय की टीम) ने तृतीय स्थान हासिल किया।

एआई मॉडल प्रतियोगिता ‘द न्यूरल नेक्सस’ में  प्रतिभागियों ने एआई और मशीन लर्निंग की मदद से वास्तविक जीवन की जटिल समस्याओं के लिए  स्मार्ट समाधान प्रस्तुत किए। इमेज प्रोसेसिंग से लेकर नैचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग और एडवांस्ड डेटा एनालिसिस तक, हर प्रोजेक्ट में तकनीकी गहराई और रचनात्मक सोच की झलक साफ दिखाई दी। प्रतियोगिता में विभिन्न संस्थानों की टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी की टीम हैक नेक्स्ट ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी  की टीम एपॉच समेत दस अन्य विश्विद्यालयों के छात्र छात्राएं भाग ले रहे हैं।

कुलिनरी प्रतियोगिता में छात्र-छात्राएं अपनी कुकिंग स्किल्स का शानदार प्रदर्शन करते नजर आए, जहां सीमित सामग्री से तैयार किए गए लज़ीज़ और ज़ायकेदार व्यंजनों के खुशबू से पूरा परिसर महक उठा। प्रतिभागियों ने कोरियन, इंडियन और इटैलियन व्यंजनों में कात्सु करी, ग्योज़ा, मोची, क्रीम स्टफ्ड मशरूम, चिकन रोल्ड और स्ट्रॉबेरी चीज़केक जैसे आकर्षक डिश पेश किए। प्रतियोगिता में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के प्रियांशु और ज़ुनैरा ने प्रथम स्थान, उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के नवदीप और सुजल ने दूसरा स्थान और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के गर्वित और अभिनव ने तीसरा स्थान हासिल किया।

सीआईडी फाइल्स प्रतियोगिता में छात्र-छात्राएं क्राइम सीन की बारीक जांच में जुटे नजर आए, जहां सुरागों को जोड़ते हुए सच तक पहुंचने की यह चुनौती पूरे माहौल में रहस्य और रोमांच भर रही थी।  प्रतियोगिता में चितकारा यूनिवर्सिटी के रोहन, इश्मीत, आरती और ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के दिशा, तान्या, मोहित समेत अनेकों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

ब्लॉसम इन हार्मनी प्रतियोगिता में छात्र-छात्राएं फूलों के साथ अपनी रचनात्मकता को आकार देते नजर आए, जहां अलग-अलग फूलों और पत्तियों से खूबसूरत फ्लोरल अरेंजमेंट तैयार कर उन्होंने कला और सौंदर्य का अनोखा संगम पेश किया। इस प्रतियोगिता में ग्राफिक एरा के रॉयल और अथर्व प्रथम रहे, वहीं यशस्वी और अंजली ने दूसरा स्थान हासिल किया वहीं स्नेहा तीसरे स्थान पर रहीं। दिनभर परिसर के अलग-अलग हिस्सों में प्रतिभा की अनोखी झलक देखने को मिली।

शाम होते ही ग्राफेस्ट का रंग पूरी तरह बदल गया और मंच पर संस्कृति की चमक फैलने लगी। ग्राफेस्ट-26 के दूसरे दिन भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के रंगों ने सभी को सराबोर कर दिया, जहां छात्रों में उत्साह की अनूठी झलक देखने को मिली। बैंड वार में थापर यूनिवर्सिटी की टीम सेहर, ग्राफिक एरा की टीम सांझ एवं ख़लिश और दून यूनिवर्सिटी की टीम अलंकार ने माहौल को एनर्जेटिक बना दिया। सोलो इंस्ट्रुमेंटल में श्रीदेव सुमन यूनिवर्सिटी के अक्षित, थापर यूनिवर्सिटी के रौनक एवं कार्तिकेय, हेमवती यूनिवर्सिटी के दानिश और ग्राफिक एरा के हिमेश ने धुनों से सारा समा बांध दिया। सोलो डांस क्लासिवल में हंसराज कॉलेज की अरुणिमा, ग्राफिक एरा की इशिता और राशि ने सभी का मन मोह लिया। ग्रुप डांस में एमिटी यूनिवर्सिटी की टीम सतरंग, शूलिनी यूनिवर्सिटी की टीम हिमशोबला और ग्राफिक एरा की गोरखा पलटन ने सभी को अपने स्थान पर थिरकने पर मजबूर कर दिया।

सांस्कृतिक संध्या में ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डा. कमल घनशाला के साथ ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी  के पदाधिकारी, शिक्षक- शिक्षिकाएं और हजारों छात्र- छात्राएं मौजूद रहे।

The post तकनीक, रोमांच और संस्कृति का अनूठा संगम appeared first on Avikal Uttarakhand.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *