अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में सफर करना अब यात्रियों के लिए जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। बुधवार सुबह मासी से अल्मोड़ा आ रही रोडवेज बस के क्लच में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। द्वाराहाट नगर पंचायत पार्किंग के पास जब बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया तो उसमें सवार 18 यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत ये रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह बस को सुरक्षित रोक लिया जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।

रोडवेज की बस (यूके 077 पीए 2477) बुधवार सुबह छह बजे मासी से अल्मोड़ा के लिए रवाना हुई। मासी-अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर द्वाराहाट नगर पंचायत पार्किंग के पास बस के क्लच में अचानक खराबी आ गई। इससे बस में सवार 18 यात्रियों में चीख पुकार मच गई। चालक ने सूझबूझ से बस को रोका जिससे हादसा होने से बच गया।
बस दस सवारियां अल्मोड़ा शहर की थीं। चालक ने बस में सवार सभी यात्रियों को अन्य वाहनों में बैठाकर गंतव्य के लिए भेजा। आधे रास्ते में बस खराब होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
