The post …एक और ग्राम पंचायत बनी नशा मुक्त appeared first on Avikal Uttarakhand.
अविकल उत्तराखंड
नई टिहरी/चंबा। टिहरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत दियूरी तल्ली ने सामाजिक जागरूकता एवं नशामुक्त समाज की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए स्वयं को “नशा मुक्त ग्राम पंचायत” घोषित कर दिया है। ग्राम सभा में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिनका उद्देश्य गांव में सामाजिक संस्कार, अनुशासन एवं नशामुक्त वातावरण स्थापित करना है।
बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान सरलादेवी ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव में होने वाले विवाह समारोहों, सामाजिक आयोजनों एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार गांव में किसी भी सामाजिक कार्यक्रम में शराब परोसना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
इसके साथ ही बिना अनुमति बाहरी व्यक्तियों के गांव में अनावश्यक प्रवेश पर रोक लगाने, विवाह समारोहों को रात्रि 12 बजे तक सीमित रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सामाजिक बहिष्कार एवं आर्थिक दंड लगाए जाने का भी निर्णय लिया गया। ग्राम सभा में यह भी तय किया गया कि गांव में सामाजिक जागरूकता बनाए रखने हेतु “ग्राम समाज सुधार समिति” का गठन किया जाएगा।

गठित समिति में ऊषादेवी को अध्यक्ष, रीना देवी को उपाध्यक्ष, नीतू बाला को सचिव तथा गौरव सकलानी को सह सचिव रमेश दत्त सकलानी को कोषाध्यक्ष कार्यकारणी सदस्य विभिन्न वार्डों से कुसुम सेमवाल कविता देवी सुषमा रजनी सुमित थपलियाल विवेक उनियाल सरोजनी उनियाल सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं को समिति में शामिल किया गया है।
ग्राम प्रधान सरला देवी ने कहा कि गांव की युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि “शराब नहीं संस्कार” जैसी सामाजिक मुहिम समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं और दियूरी तल्ली ग्राम पंचायत इस अभियान को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी।
“शराब नहीं संस्कार” मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने कहा कि ग्राम पंचायतों द्वारा स्वयं आगे आकर नशामुक्ति के लिए प्रस्ताव पारित करना उत्तराखण्ड में सामाजिक जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पहल आने वाले समय में अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
ग्राम समाज सुधार समिति की अध्यक्ष ऊषादेवी ने कहा कि समिति गांव में सामाजिक एकता, संस्कार एवं नशामुक्त वातावरण को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य करेगी तथा महिलाओं और युवाओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। इस अवसर शराब नही संस्कार मुहिम की टीम सदस्य जगदीश बडोनी व लक्ष्मी उपस्थित रहे।
The post …एक और ग्राम पंचायत बनी नशा मुक्त appeared first on Avikal Uttarakhand.
