The post सहकारी समिति चुनावों में भाजपा ने लहराया परचम appeared first on Avikal Uttarakhand.
668 सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटियां गठित
95 फीसदी प्रबंध कमेटी पर भाजपा ने किया कब्जा
अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून। प्रदेश में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (एम-पैक्स) के प्रबंध समितियों के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहराया है। राज्य की कुल 671 सहकारी समितियों में से 668 समितियों में कोरम पूर्ण कर प्रबंध कमेटियों का गठन किया गया है, जिनमें भाजपा समर्थित उम्मीदवार भारी बहुमत से निर्वाचित हुए हैं।
इतना ही नहीं, सहकारी समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भी भाजपा ने निर्णायक विजय दर्ज कर प्रदेश के सहकारिता क्षेत्र में अपना कब्जा किया है।
सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण के अनुसार प्रदेश में 671 एम-पैक्स में कुल 7381 वार्ड हैं। इनमें से 6235 वार्डों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि शेष वार्डों पर मतदान संपन्न कराया गया। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों के लिये आज मतदान एवं मतगणना पूर्ण की गई, जिसमें भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने एकतरफा जीत हासिल की।
सहकारिता मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने इस ऐतिहासिक जीत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम सहकारिता क्षेत्र में पारदर्शिता, दक्षता और आम लोगों, किसानों, काश्तकारों, कारीगिरों व महिलाओं को सहकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने का प्रतिफल है। उन्होंने यह भी कहा कि यह जनादेश ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, सहकारी समितियों को आत्मनिर्भर और प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है और यह भाजपा के जनविश्वास का भी प्रतीक है।
The post सहकारी समिति चुनावों में भाजपा ने लहराया परचम appeared first on Avikal Uttarakhand.
