Dehradun News: कंवली रोड पर कार-बाइक भिड़ंत के बाद बवाल, दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे; कई घायल !

Dehradun News: कंवली रोड पर कार-बाइक भिड़ंत के बाद बवाल, दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे; कई घायल !
Share This News:

एक युवक की कार से कांवली रोड क्षेत्र में एक नाबालिग लड़के की बाइक टकरा गई। इसके बाद विवाद शुरू हो गया।

कंवली रोड क्षेत्र में रविवार देर रात कार और बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायल मेडिकल बनवाने दून अस्पताल पहुंचे वहां भी हंगामा हो गया। खबर लिखे जाने तक मामले में किसी भी पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।

जानकारी के अनुसार राहुल नामक युवक एक निजी बैंक में कार्यरत है। बताया गया कि वह टिहरी से अपनी कार से देहरादून लौट रहा था। इसी दौरान कांवली रोड क्षेत्र में एक नाबालिग लड़के की बाइक उसकी कार से टकरा गई। राहुल ने इसका विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया। राहुल का आरोप है कि इसके बाद कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की।

बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता चंदूलाल, भाई अरुण और चाचा राकेश को भी कथित तौर पर पीटा गया। घटना में चारों को चोटें आई हैं। मारपीट के बाद घायल पक्ष मेडिकल परीक्षण के लिए दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचा। यहां भी विवाद की स्थिति बन गई।
राहुल का आरोप है कि अस्पताल में अन्य परिजनों का मेडिकल परीक्षण कर दिया गया, लेकिन उसका मेडिकल नहीं किया गया। इसको लेकर अस्पताल परिसर में काफी देर तक बहस होती रही।

वहीं, इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों का कहना है कि किसी भी घायल का उपचार या मेडिकल परीक्षण नहीं रोका गया। डॉक्टरों के अनुसार राहुल बार-बार विवाद कर रहा था और इमरजेंसी में मरीजों के उपचार कार्य में व्यवधान उत्पन्न कर रहा था। इसके चलते उसे शांत रहने और रुकने के लिए कहा गया था। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *