The post स्वास्थ्य विभाग – मशीनों की खरीद में करोड़ों का घोटाला appeared first on Avikal Uttarakhand.
सहकारिता विभाग की भर्ती में भारी गड़बड़ी-कांग्रेस
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा व गणेश गोदियाल ने स्वास्थ्य एवं सहकारिता विभाग में हुई भर्तियों और मशीनों की खरीद में भारी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इनकी सीबीआई जांच की मांग की है।
माहरा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद से बाहरी ठेकेदारों का बोलबाला बढ़ा है। मशीनों की खरीद में भारी अनियमितताएं की गई हैं।
पचास हजार रुपये की मशीन को जिस स्टैंड पर रखा गया उसकी कीमत साढ़े चार लाख रुपये बताई गई, यानी मशीन की कीमत लगभग पांच लाख रुपये हो गई, पर आज तक इन मशीनों को स्थापित नहीं किया गया। मरीज इन सुविधाओं से वंचित हैं।
माहरा ने कहा कि वैन फाइंडर मशीनों की खरीद में भी बड़ा घोटाला हुआ है। जांच के दौरान ये मशीनें फेल हो गईं, लेकिन बाद में इन्हें एम्स ऋषिकेश से सही बताकर पास कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एम्स खुद सीबीआई जांच के दायरे में है तो वह इन मशीनों को कैसे प्रमाणित कर सकता है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी गई पांच मशीनें आज भी धूल फांक रही हैं। रुद्रप्रयाग के सीएमओ ने भी स्वीकार किया है कि मरीजों को इन मशीनों का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा। माहरा ने आरोप लगाया कि चीन से खरीदी गई इन मशीनों में मानकों की अनदेखी की गई है और “मेक इन इंडिया” नीति को दरकिनार किया गया।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में कैथलैब भवन निर्माण कार्य दो करोड़ रुपये की लागत से कराया गया था, जो छह माह में ही टपकने लगा। इस पर नैनीताल के सांसद और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अजय भट्ट ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जांच की मांग की है।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश का कोई भी विभाग भ्रष्टाचार से अछूता नहीं है। केन्द्र सरकार की अनुमति के बिना राज्य सरकार कोई बड़ी खरीद नहीं कर सकती, लेकिन भाजपा सरकार ने सभी नियमों की अनदेखी की है।
प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि अग्निवीर योजना को समाप्त करने और पूर्व की भांति सेना भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग की रथयात्रा को करन माहरा व गणेश गोदियाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथयात्रा पूरे प्रदेश में जाकर जनता को जागरूक करेगी।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, मीडिया सलाहकार अमरजीत सिंह, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, मदन लाल और विकास नेगी उपस्थित रहे।
The post स्वास्थ्य विभाग – मशीनों की खरीद में करोड़ों का घोटाला appeared first on Avikal Uttarakhand.
