देहरादून में निहंगों के कूच से हाई अलर्ट: आधी रात सड़क पर उतरे डीएम-एसएसपी, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी !

देहरादून में निहंगों के कूच से हाई अलर्ट: आधी रात सड़क पर उतरे डीएम-एसएसपी, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी !
Share This News:

Nihang Sikh Dispute: निहंगों का एक जत्था कुल्हाल बैरियर पार कर देहरादून की ओर बढ़ रहा है। इस सूचना के फैलते ही प्रेमनगर, सेलाकुई और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई।

निहंगों के दून की ओर कूच करने और कुल्हाल बैरियर तोड़कर आगे बढ़ने की सूचना से बृहस्पतिवार को देहरादून में भारी तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा हाई अलर्ट पर आ गया। डीएम आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल प्रेमनगर क्षेत्र पहुंच गया।

बताया गया कि निहंगों का एक जत्था कुल्हाल बैरियर पार कर देहरादून की ओर बढ़ रहा है। इस सूचना के फैलते ही प्रेमनगर, सेलाकुई और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल प्रेमनगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच भी शुरू कर दी गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने निहंगों के संभावित मार्गों और उनके ठहराव स्थलों की जानकारी जुटाई। पुलिस टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा गया और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया।

करीब दो घंटे तक प्रेमनगर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। इस दौरान स्थानीय लोग भी घटनाक्रम को लेकर चिंतित नजर आए। हालांकि बाद में पुलिस को स्पष्ट जानकारी मिलने पर स्थिति सामान्य होने लगी। निहंगों के दून में प्रवेश और किसी तरह की अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस बल ने क्षेत्र में गश्त जारी रखी और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस बल प्रेमनगर से लौट गया लेकिन पूरे शहर में पुसिल हाईअलर्ट पर है।  वहीं, निहंगों के दून की ओर बढ़ने की सूचना के बाद प्रेमनगर क्षेत्र में शुक्रवार को करीब दो घंटे तक बेहद तनावपूर्ण हालात रहे। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती और अधिकारियों की आवाजाही से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। प्रेमनगर चौक पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और सिख समुदाय के लोग एकत्र हो गए।

निहंगों के आगमन और पुलिस की कार्रवाई की आशंका पर प्रेमनगर चौक, मुख्य बाजार और आसपास के मार्गों पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर चौक और मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी। पुलिस कर्मियों की बड़ी संख्या में तैनाती, वाहनों की जांच और अधिकारियों की लगातार बैठकों को देखकर लोग किसी बड़ी घटना की आशंका जताने लगे।

स्थानीय लोगों का कहना था कि उन्होंने प्रेमनगर हाईवे पर एक साथ इतना बड़ा पुलिस जमावड़ा पहले कभी नहीं देखा। लोगों ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए अभियानों के दौरान भी इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात नहीं किया गया था। पुलिस की मौजूदगी और तनावपूर्ण माहौल के कारण दुकानदारों, राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों में भी बेचैनी बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *