The post हिम्स की डॉ. शैली व्यास को दो राष्ट्रीय फेलोशिप सम्मान appeared first on Avikal Uttarakhand.
जन स्वास्थ्य एवं सामुदायिक चिकित्सा में उत्कृष्ट योगदान पर आईएपीएसएम और आईपीएचए ने किया सम्मानित
अविकल उत्तराखंड
डोईवाला। हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स) जौलीग्रांट की डॉ. शैली व्यास को वर्ष 2026 में जन स्वास्थ्य एवं सामुदायिक चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फेलोशिप से सम्मानित किया गया है।
हिम्स जौलीग्रांट के कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग में कार्यरत डॉ. शैली व्यास को आईएपीएसएमकॉन-2026 के राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रतिष्ठित इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन “आईएपीएसएम फेलोशिप” प्रदान की गई। यह सम्मान उन्हें डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि डॉ. अरविंद माथुर, आईएपीईएम अध्यक्ष डॉ. अशोक भारद्वाज तथा आईएपीएसएम सचिव डॉ. मनीष कुमार सिंह सहित जन स्वास्थ्य क्षेत्र के कई वरिष्ठ विशेषज्ञों की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त आंध्र प्रदेश में आयोजित भारतीय जन स्वास्थ्य संघ (आईपीएचए) के राष्ट्रीय सम्मेलन-2026 में भी उन्हें “आईपीएचए फेलोशिप” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान सामुदायिक स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण, चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं साक्ष्य-आधारित जन स्वास्थ्य कार्यप्रणाली में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।

डॉ. शैली व्यास ने वर्षों से जन स्वास्थ्य जागरूकता, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच तथा युवा चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों को प्रेरित करने के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका नेतृत्व एवं नवाचारी दृष्टिकोण सामुदायिक चिकित्सा के क्षेत्र में प्रेरणा का स्रोत माना जाता है।
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना ने डॉ. शैली व्यास को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि हिम्स एवं विश्वविद्यालय परिवार के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. शैली व्यास का समर्पण, शोध एवं जन स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
The post हिम्स की डॉ. शैली व्यास को दो राष्ट्रीय फेलोशिप सम्मान appeared first on Avikal Uttarakhand.
