The post ‘युवाओं के लिए सिर झुका भी सकता हूँ, सिर कटा भी सकता हूँ’-धामी appeared first on Avikal Uttarakhand.
राज्य सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित
अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि“कुछ लोग कहते हैं कि हम युवाओं के आगे झुक गए हैं। मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूँ कि युवाओं के हित में सिर झुका भी सकता हूँ और सिर कटा भी सकता हूँ।”
मंगलवार को दून में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम धामी ने राज्य के विकास, युवाओं के भविष्य, धार्मिक पर्यटन और औद्योगिक प्रगति को लेकर कई अहम बातें कहीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए दृढ़ है और किसी भी हद तक जाएगी।
मुख्यमंत्री ने भर्ती घोटालों और नकल माफियाओं के खिलाफ की गई कार्रवाइयों का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य के 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और 100 से अधिक नकल माफिया जेल में हैं।
धामी ने कहा कि एक हालिया नकल मामले पर तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और जांच के लिए SIT का गठन किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने और नकल पर अंकुश लगाने के लिए देश के सबसे सख्त नकल-विरोधी कानून लागू कर चुकी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस वर्ष अब तक लगभग 42 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा सकुशल पूरी की है और अब शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म हब बनाने के लिए ट्रेकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रिवर राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों पर काम चल रहा है।
उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के 3.56 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर आ चुकी हैं। साथ ही लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई कर 9 हजार एकड़ से अधिक भूमि मुक्त कराई गई है और कई अवैध संरचनाएं हटाई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने लोगों से “स्वदेशी अपनाओ, देश को मजबूत बनाओ” के मंत्र को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने से स्थानीय कारीगर, किसान और उद्यमी सशक्त होंगे और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य मज़बूत होगा।

कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा सहित फिल्म, मीडिया और अन्य क्षेत्रों की कई हस्तियां मौजूद रहीं।
The post ‘युवाओं के लिए सिर झुका भी सकता हूँ, सिर कटा भी सकता हूँ’-धामी appeared first on Avikal Uttarakhand.
