दून पुलिस के शिकंजे में जमीन घोटाले का मास्टरमाइंड

Share This News:

The post दून पुलिस के शिकंजे में जमीन घोटाले का मास्टरमाइंड appeared first on Avikal Uttarakhand.

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। फौजियों और पहाड़ के लोगों को झांसे में लेकर करोड़ों की ठगी, 20 हजार का इनामी गिरफ्तार देहरादून में जमीन के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी करने वाले शातिर जालसाज को दून पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। पहाड़ के भोले-भाले लोगों, फौजियों और दूसरे राज्यों में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों को सस्ते दामों पर जमीन दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी प्रदीप सकलानी को उसके साथी अजय सजवाण के साथ डालनवाला क्षेत्र से दबोचा गया।
आरोपी के खिलाफ भूमि धोखाधड़ी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट समेत 27 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार सहस्त्रधारा रोड निवासी विक्रम सिंह ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रदीप सकलानी, अभय कुमार और अजय सजवाण ने ग्राम सौंडा सरोली स्थित भूमि को अपने परिचितों की बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और 30 लाख रुपये बयाने के रूप में ले लिए।

बाद में पता चला कि जमीन के वास्तविक मालिकों ने आरोपियों को बिक्री का कोई अधिकार नहीं दिया था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने फर्जी अनुबंध पत्र तैयार कर पीड़ित से धोखाधड़ी की और रकम वापस मांगने पर दिए गए चेक भी बाउंस हो गए। मुकदमा दर्ज होने के बाद मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी लगातार फरार चल रहा था, जिस पर एसएसपी देहरादून ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

एसएसपी परमेन्द्र डोभाल के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एकता विहार, डालनवाला से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पुलिस से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस के मुताबिक प्रदीप सकलानी बेहद शातिर अपराधी है, जो खुद को पहाड़ी मूल का बताकर लोगों का भरोसा जीतता था। इसके बाद वह सस्ते दामों में जमीन दिलाने का लालच देकर किसी अन्य की भूमि को अपनी बताकर लोगों से मोटी रकम ठग लेता था।
आरोपी के खिलाफ देहरादून के अलग-अलग थानों में भूमि धोखाधड़ी के 27 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। साथ ही एनआई एक्ट के तहत भी उसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक मामले न्यायालयों में लंबित हैं।

The post दून पुलिस के शिकंजे में जमीन घोटाले का मास्टरमाइंड appeared first on Avikal Uttarakhand.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *