बरेली में एक शिक्षिका समय से पहले ही सेवानिवृत्त हो गईं। स्कूल में स्टाफ ने उन्हें विदाई पार्टी भी दे दी। बाद में पता लगा है कि शिक्षिका की नौकरी अभी एक साल और बची है। इसके बाद उन्होंने वापसी की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बरेली में बेसिक शिक्षा विभाग में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। नियमों की स्पष्ट जानकारी न होने के चलते एक प्रधानाध्यापिका समय से पहले ही सेवानिवृत्त हो गईं। स्कूल में विदाई पार्टी का आयोजन भी हो गया। अब उन्हें पता चला कि उनकी नौकरी एक साल और शेष है।
मामला प्राथमिक विद्यालय साहूकारा का है। यहां तैनात प्रधानाध्यापिका शकुंतला भास्कर 30 मार्च को कागजी कार्रवाई पूरी करके सेवानिवृत्त हो गईं। उन्होंने बाकायदा लिखित रूप में विद्यालय का कार्यभार सहायक अध्यापिका कविता को सौंप दिया। साथी स्टाफ ने उन्हें विदाई पार्टी दी। शिक्षिका की ओर से सभी को भोज भी कराया गया।
