‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ से बनेगा उत्तराखंड खेल प्रतिभाओं का केंद्र- मुख्यमंत्री

‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ से बनेगा उत्तराखंड खेल प्रतिभाओं का केंद्र- मुख्यमंत्री
Share This News:

The post ‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ से बनेगा उत्तराखंड खेल प्रतिभाओं का केंद्र- मुख्यमंत्री appeared first on Avikal Uttarakhand.

मुख्यमंत्री धामी ने किया उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2025 का समापन, विजेता टीम को दी बधाई

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, रायपुर (देहरादून) में आयोजित उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2025 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस वर्ष की चैंपियनशिप का खिताब हरिद्वार एलमास ने जीता।

मुख्यमंत्री ने विजेता टीम सहित सभी खिलाड़ियों व आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क और संघर्षशीलता जैसे गुणों का विकास होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक व मानसिक विकास होता है बल्कि जीवन में संतुलन और सकारात्मकता भी आती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार भी प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जा रहा है। साथ ही राज्य में शीघ्र ही एक ‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ लागू किया जाएगा, जिसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित होंगी। इन अकादमियों में हर वर्ष 920 एथलीटों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का केंद्र बन रहा है। हाल ही में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य ने 103 पदक जीतकर नया इतिहास रचा और उत्तराखंड को ‘देवभूमि’ के साथ ‘खेलभूमि’ के रूप में भी पहचान दिलाई।

धामी ने कहा कि सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए ‘उत्तराखंड खेल रत्न’ और ‘हिमालय खेल रत्न’ पुरस्कार दिए जा रहे हैं। इसके अलावा राजकीय सेवाओं में 4 प्रतिशत खेल कोटा पुनः लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी भी दी जा रही है।

महिला खिलाड़ियों के उल्लेखनीय प्रदर्शन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड द्वारा महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने बताया कि राज्य की तीन बालिकाएं — राघवी बिष्ट, प्रेमा रावत और नंदनी कश्यप — वर्तमान में भारतीय टीम में चयनित हुई हैं और न्यूजीलैंड सीरीज में भाग ले रही हैं।

धामी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “विकल्प रहित संकल्प ही सफलता का मंत्र है।” उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे अपने लक्ष्य को निर्धारित कर पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक उमेश शर्मा, उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

The post ‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ से बनेगा उत्तराखंड खेल प्रतिभाओं का केंद्र- मुख्यमंत्री appeared first on Avikal Uttarakhand.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *