The post योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचे – दीपक कुमार appeared first on Avikal Uttarakhand.
‘सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करें’
अविकल उत्तराखंड
काशीपुर। संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम विभाग के सचिव दीपक कुमार ने ‘सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम’ के अंतर्गत अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की।
सचिव ने मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि घोषणा के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए तथा उन्हें शीघ्र पूर्ण किया जाए। जो योजनाएं शासन स्तर पर लंबित हैं, उनकी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनका शीघ्र समाधान कराया जा सके।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि हेल्पलाइन में प्राप्त सभी शिकायतों का संबंधित विभाग द्वारा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता कर समाधान की पुष्टि भी की जाए। उन्होंने विभागों को नवाचार आधारित योजनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक जनता को लाभ मिल सके।
नगर आयुक्त काशीपुर को निर्देश दिए गए कि शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु प्रभावी ड्रेनेज योजना बनाकर कार्य कराया जाए।

बैठक में सचिव ने कहा कि राज्य सरकार की सभी महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय और गंभीरता के साथ कार्य करें। ग्रामीण उन्मुख योजनाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन गांव के द्वार, सरकार जनता के द्वार तथा जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रमों के अंतर्गत गांवों में शिविर लगाकर जनता से संवाद किया जाए, उनकी समस्याएं सुनी जाएं और उनका समाधान भी सुनिश्चित किया जाए।
सचिव ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, उद्यान, पशुपालन, सिंचाई, सड़क एवं सामाजिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए जनता एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद बनाए रखा जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में शौचालय खराब या बंद हैं, उनकी मरम्मत कर 08 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से पूर्व उन्हें संचालित किया जाए। साथ ही सरकार द्वारा प्रकाशित मेरी योजना पुस्तक को पढ़ने की अपील करते हुए बताया कि यह पुस्तक सभी विभागों की वेबसाइट पर उपलब्ध है, जिसमें योजनाओं एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई है।
बैठक में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सीएम हेल्पलाइन, एनआरएलएम, एनयूएलएम, स्वयं सहायता समूहों की स्थिति एवं उनकी आय में परिवर्तन, मनरेगा, सिंचाई योजनाएं, जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल योजना सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक में नगर आयुक्त रविन्द्र बिष्ट, तहसीलदार पंकज चंदोला, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. दीक्षित, खण्ड विकास अधिकारी कमल किशोर पांडे, जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
The post योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचे – दीपक कुमार appeared first on Avikal Uttarakhand.
