The post उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने मांगों पर किया मन्थन appeared first on Avikal Uttarakhand.
महावीर बिष्ट बने प्रांतीय महामंत्री
अविकल उत्तराखंड
ऋषिकेश। त्रिवेणी घाट स्थित जयराम संस्कृत महाविद्यालय में उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ, जनपद टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में प्रांतीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखंड संयुक्त कर्मचारी परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष अरुण कुमार पांडेय तथा उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष मेजर स्वतंत्र मिश्रा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया।
पूर्व प्रांतीय महामंत्री जगमोहन रावत के निधन से रिक्त पद पर पौड़ी के जिलाध्यक्ष महावीर बिष्ट को नया प्रांतीय महामंत्री नियुक्त किया गया। साथ ही रुद्रप्रयाग के जिलाध्यक्ष सुखदेव सिंह रावत को प्रांतीय उपाध्यक्ष, नैनीताल के पी.सी. जोशी को प्रांतीय संरक्षक और भगतसिंह बिष्ट को पौड़ी का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

नवनियुक्त महामंत्री महावीर बिष्ट ने कहा कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक लगातार उपेक्षा का शिकार हैं और उनकी मांगों पर शासन स्तर पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने तदर्थ शिक्षकों के विनियमितिकरण, चयन वेतनमान में तदर्थ सेवा का लाभ जोड़ने, प्रधानाचार्य पदों पर शत-प्रतिशत पदोन्नति, एनपीएस की राशि सीधे प्रान खाते में ट्रांसफर करने और 2005 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन में शामिल किए जाने समेत 28 सूत्रीय मांगें रखीं।
प्रांतीय अध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा ने संगठन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कई शासनादेश संगठन के संघर्ष से ही जारी हुए हैं। उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों से सदस्यता शुल्क शीघ्र जमा करने का आग्रह किया। वहीं मुख्य अतिथि अरुण पांडेय ने शिक्षकों की मांगों पर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से शीघ्र वार्ता कराने का आश्वासन दिया।
बैठक का समापन स्व. जगमोहन रावत को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विभिन्न जनपदों के जिलाध्यक्ष, प्रांतीय पदाधिकारी और वरिष्ठ शिक्षाविद उपस्थित रहे।
The post उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने मांगों पर किया मन्थन appeared first on Avikal Uttarakhand.
