फैसला-  शादी-समारोहों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध

Share This News:

The post फैसला-  शादी-समारोहों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध appeared first on Avikal Uttarakhand.

उल्लंघन पर ₹21 हजार जुर्माना, सामाजिक बहिष्कार का भी प्रावधान

अविकल उत्तराखण्ड

टिहरी।  विकासखंड चंबा अंतर्गत ग्राम पंचायत सुदाड़ा ने सामाजिक सुधार की दिशा में एक सराहनीय और साहसिक पहल करते हुए शादी-विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में शराब के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

यह निर्णय शनिवार को ग्राम पंचायत भवन सुदाडा में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान बिजेंद्र सकलानी ने की। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही और सभी ने गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में “शराब नहीं संस्कार” मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा का संदेश भी साझा किया गया। उन्होंने कहा कि “समाज की असली पहचान उसके संस्कारों से होती है, न कि नशे से। सुडाड़ा का यह निर्णय अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणा बनेगा।”

ग्राम सभा में सामाजिक सुधार को मजबूत करने के उद्देश्य से ग्राम सुधार समिति का गठन किया गया। समिति में अरविंद सिंह को अध्यक्ष, सरिता सकलानी को उपाध्यक्ष, खेमराज बिजल्वाण को सचिव, सुशीला देवी को सह सचिव तथा दिनेश प्रसाद को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसके अतिरिक्त दीपक सकलानी, अमिता सकलानी, सविता, ललित कोठारी, अजय बिजल्वाण सूरज, केशव कोठारी, मोहन लाल उनियाल, सुनील कोठारी, ओमप्रकाश सकलानी, मदन तोमर,मनीष उनियाल और कुन्दन लाल सहित अन्य ग्रामीणों को सदस्य नामित किया गया।

ग्राम सभा द्वारा लिए गए निर्णयों के अनुसार अब कोई भी ग्रामीण शादी-समारोह या अन्य कार्यक्रमों में शराब का उपयोग नहीं करेगा। विवाह समारोहों में डीजे रात 11 बजे तक ही संचालित किया जाएगा। शराब पीकर गांव में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बाहरी व्यक्तियों द्वारा शराब लाने या बेचने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा किसी भी ग्रामीण द्वारा बाहरी व्यक्ति को शराब उपलब्ध कराना भी दंडनीय होगा।

इन नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति पर ₹21 हजार का आर्थिक दंड लगाया जाएगा तथा सामाजिक बहिष्कार की कार्रवाई भी की जाएगी।
ग्रामीणों ने इस निर्णय को समाज के हित में ऐतिहासिक कदम बताते हुए इसे पूरी तरह लागू करने का संकल्प लिया है। क्षेत्र में इसे नशामुक्त समाज की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर शराब नही संस्कार मुहिम से जुड़े कुंभीबाला भट्ट व लक्ष्मी उपस्थिति रहे।

The post फैसला-  शादी-समारोहों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध appeared first on Avikal Uttarakhand.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *