The post शादी -समारोह में शराब पिलाने पर 21 हजार का जुर्माना appeared first on Avikal Uttarakhand.
पढ़ें, उत्तराखण्ड के किस गांव ने किया ऐसा फैसला
खूरेत गांव का ऐतिहासिक फैसला: नशामुक्त समाज की ओर कदम
शादी-विवाह सहित सभी आयोजनों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध
अविकल उत्तराखंड
चंबा (टिहरी गढ़वाल)। चंबा ब्लॉक के खूरेत गांव में अब किसी भी शादी-विवाह, सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों में शराब और अन्य नशे के सेवन व वितरण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह निर्णय ग्राम प्रधान अदिति भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
ग्राम सभा ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा तथा आवश्यक होने पर सामाजिक बहिष्कार भी किया जाएगा। गांव को नशामुक्त और संस्कारित बनाने के उद्देश्य से “ग्राम समाज सुधार समिति” का गठन भी किया गया।
समिति में प्रमोद भट्ट को अध्यक्ष, शीला देवी को उपाध्यक्ष, अमर देव को सचिव तथा शैला देवी को सहसचिव नियुक्त किया गया। अतिथि भट्ट को कोषाध्यक्ष बनाया गया, जबकि राजेश्वरी, अनीता देवी, भारती सकलानी, विनोद डबराल, मदनलाल डबराल एवं राकेश सकलानी को सदस्य नामित किया गया।

यह पहल “शराब नहीं, संस्कार मुहिम” के अंतर्गत संचालित की जा रही है। मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने ग्राम पंचायत के इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि नशा परिवार और समाज दोनों के लिए घातक है, इसलिए युवाओं को सही दिशा देना और सकारात्मक वातावरण बनाना आवश्यक है।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने निर्णयों का पालन करने तथा गांव में सकारात्मक सामाजिक वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विकास, स्वच्छता, शिक्षा और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
समिति ने निर्णय लिया कि गांव में नियमित जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, युवाओं को खेल एवं शिक्षा से जोड़ा जाएगा तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संगठित रूप से कार्य किया जाएगा। साथ ही, छोटे-छोटे समूह बनाकर प्रत्येक परिवार तक “शराब नहीं, संस्कार” का संदेश पहुंचाया जाएगा।
इस दौरान ग्रामीण रोहित सकलानी, चेतन प्रसाद, राजीव डबराल, लीला देवी सहित दर्जनों लोगों ने अपने परिवार और समाज में सभी धार्मिक आयोजनों में नशा न करने की शपथ ली। मुहिम से जुड़े कुंभीभाला भट्ट एवं लक्ष्मी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
The post शादी -समारोह में शराब पिलाने पर 21 हजार का जुर्माना appeared first on Avikal Uttarakhand.
