नेशनल लॉ विवि को आवंटित भूमि को खुर्द-बुर्द कर रही भाजपा सरकार

Share This News:

The post नेशनल लॉ विवि को आवंटित भूमि को खुर्द-बुर्द कर रही भाजपा सरकार appeared first on Avikal Uttarakhand.

लॉ यूनिवर्सिटी का नहीं है कहीं अता-पता- कांग्रेस

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार ऋषिकेश के रानीपोखरी में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के लिए आवंटित भूमि को खुर्द-बुर्द करने का काम कर रही है।

हरक सिह रावत ने कहा कि भाजपा की ही सरकार में त्रिवेन्द्र सिंह रावत के मुख्यमंत्रित्व काल में ऋषिकेश के रानीपोखरी में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के नाम पर भूमि आवंटित की गई थी।

लॉ यूनिवर्सिटी का शिलान्यास भी तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा स्थानीय सांसद रमेश पोखरियाल निशंक व शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की उपस्थिति में हुआ था। उन्होंने कहा कि 7 वर्ष बीत जाने के बाद यूनिवर्सिटी के नाम पर एक ईंट तक नहीं रखी गई उल्टे यूनिवर्सिटी के नाम आवंटित भूमि का टिहरी बांध विस्थापितों के नाम पर खुर्द-बुर्द करने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सात साल बाद भी निर्माण नहीं होने से धामी सरकार ने दर्शा दिया है कि भारतीय जनता पार्टी में गुटबाजी चरम पर है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार रानीपोखरी में कार्रवाई की जा रही है उससे आने वाले समय में मुख्यमंत्री की घोषणा और शिलान्यास से भी जनता का भरोसा पूरी तरह से उठ जायेगा।

हरक ने कहा कि जिस प्रकार भाजपा के राष्ट्रीय नेता चुनावों के समय जुमलेबाजी करते हैं उसी प्रकार लोकसभा चुनाव के समय जनता की आंख में धूल झोंकने के लिए तत्कालीन भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ंिसह रावत ने भी झूठा नाटक कर लॉ यूनिवर्सिटी बनाने का नाटक मात्र किया था। और आज स्थानीय जनता को इसके लिए आन्दोलन करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस आन्दोलन में स्थानीय जनता के साथ कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और निर्वाचित प्रतिनिधि, प्रधान संगठन के लोग शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि जनता की जायज मांग को लेकर चलाये जा रहे शांतिपूर्ण आंदोलन पर जिस प्रकार उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस द्वारा बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज किया गया तथा आंदोलन में शामिल महिलाओं के साथ अभद्रता की गई वह किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस आम जनता के साथ खडी है तथा कांग्रेस की सरकार बनने पर उसी स्थान पर लॉ यूनिवर्सिटी का निर्माण सुनिश्चित किया जायेगा तथा जनता की यह लडाई कांग्रेस पार्टी लड़ेगी क्योंकि कांग्रेस को पता है कि शिक्षा का क्या महत्व है।

रावत ने यह भी कहा कि धामी सरकार ने न केवल स्थानीय जनता के साथ धोखा किया है अपितु विस्थापित परिवारों के साथ भी धोखा किया है तथा उनकी स्थिति त्रिशंकु की तरह कर दी है जिसका जवाब प्रदेश की जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में जरूर देगी।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, विनोद चौहान, गुल मोहम्मद आदि उपस्थित थे।

The post नेशनल लॉ विवि को आवंटित भूमि को खुर्द-बुर्द कर रही भाजपा सरकार appeared first on Avikal Uttarakhand.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *