The post पूरी रात जागा प्रशासनिक अमला, आपदा में फँसे 70 लोग सुरक्षित रेस्क्यू appeared first on Avikal Uttarakhand.
डीएम-एसएसपी पहुँचे पैदल कार्लीगाड, ग्राउंड जीरो पर डटे रहे
देहरादून। जनपद में बीती रात अतिवृष्टि से आई भीषण आपदा ने जिला प्रशासन को पूरी रात अलर्ट रखा। आपदा की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सविन बंसल ने आईआरएस सिस्टम से जुड़े अधिकारियों, मजिस्ट्रेट, विभागीय कार्मिकों और फोर्स को उपकरणों सहित रात्रि में ही घटना स्थल रवाना किया।
एसडीएम कुमकुम जोशी सोमवार की रात ही आपदा प्रभावित इलाके में डट गयी थी। सीडीओ अभिनव शाह व अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मुस्तैद नजर आए।
स्वयं जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लगभग 8 किमी पैदल दूरी तय कर आपदा प्रभावित कार्लीगाड पहुँचे।
यहाँ 24 घंटे से संपर्क विहीन स्थिति में फँसे 70 लोगों को फोर्स की मदद से सुरक्षित स्थान पर रेस्क्यू कर शिफ्ट कराया गया। इस दौरान डीएम-एसएसपी लगातार ग्राउंड जीरो पर डटे रहे और राहत-बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग करते रहे।

जिलाधिकारी ने राहत शिविर में प्रभावित परिवारों से भेंट कर ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। सुरक्षित स्थानों में किराए पर शिफ्ट होने वाले परिवारों को तीन माह तक प्रति माह 4-4 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने आपदा प्रभावितों के लिए ठहराव हेतु पाँच होटलों (वाईब्स लाइन, आईसबर्ग, हेली रिसॉर्ट एंड रेस्टोरेंट, होटल हिल व्यू और पर्ल इन) का अधिग्रहण किया है। इन स्थानों पर कार्मिकों की तैनाती के साथ नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।
राहत सामग्री वितरण, मार्गों की सुगमता और संसाधनों की आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। वहीं एसएसपी ने क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात नियंत्रण हेतु पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
The post पूरी रात जागा प्रशासनिक अमला, आपदा में फँसे 70 लोग सुरक्षित रेस्क्यू appeared first on Avikal Uttarakhand.
