केदारनाथ धाम में श्रद्धालु की मौत पर प्रशासन का स्पष्टीकरण

Share This News:

The post केदारनाथ धाम में श्रद्धालु की मौत पर प्रशासन का स्पष्टीकरण appeared first on Avikal Uttarakhand.

अफवाहों से बचने की अपील

संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की

अविकल उत्तराखंड

केदारनाथ। कपाट खुलने के पहले दिन ही गुजरात के श्रद्धालु की धाम में हुई मौत पर जिला प्रशसन ने सफाई दी है।
यहां जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि 22 अप्रैल 2026 को धाम क्षेत्र में एक अपरिहार्य घटना के तहत 69 वर्षीय एक श्रद्धालु (निवासी—जिला गोरवा, गुजरात) के निधन के संबंध में कुछ माध्यमों द्वारा भ्रामक, अपुष्ट एवं तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं।

प्रशासन के अनुसार, प्रातः 6:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि केदारनाथ में व्हाइट हाउस के समीप एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए राहत कार्य शुरू किया। वाईएमएफ के जवानों ने बिना विलंब उक्त व्यक्ति को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, केदारनाथ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद प्रशासन ने मृतक के सम्मानजनक प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए पार्थिव शरीर को वाईएमएफ के सहयोग से केदारनाथ हेलीपैड तक पहुंचाया। उस समय हेलीकॉप्टर सेवा अस्थायी रूप से बाधित थी, लेकिन सेवा सुचारु होते ही शव को हेली के माध्यम से जामू हेलीपैड भेजा गया। वहां से आगे की आवश्यक कार्यवाही के लिए शव को वाहन द्वारा जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया।

जिला प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया में संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता और मानवीय दृष्टिकोण का परिचय दिया। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें।

पूर्व घटनाओं का संदर्भ:
उल्लेखनीय है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान पूर्व वर्षों में भी ऊंचाई, मौसम और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने या मृत्यु की घटनाएं सामने आती रही हैं। इन्हीं अनुभवों के आधार पर प्रशासन ने इस बार यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य जांच केंद्र, मेडिकल टीमें और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

प्रशासन ने पुनः दोहराया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यात्रा के दौरान हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

The post केदारनाथ धाम में श्रद्धालु की मौत पर प्रशासन का स्पष्टीकरण appeared first on Avikal Uttarakhand.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *