The post सीबीआई जांच- कांग्रेस ने सीएम की घोषणा को बताया अधूरा appeared first on Avikal Uttarakhand.
तीन अक्टूबर को कांग्रेस का सीएम आवास कूच यथावत
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने ट्रिपल एससी परीक्षा पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मुख्यमंत्री की घोषणा को अधूरा और भ्रामक बताया है। कांग्रेस ने कहा कि पार्टी अपना पूर्व घोषित सीएम आवास कूच कार्यक्रम 3 अक्टूबर को पूरे जोर-शोर से करेगी। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने दी।

धस्माना ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा आंदोलनरत युवाओं के बीच जाकर सीबीआई जांच की संस्तुति से कांग्रेस संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीयत पर सवाल खड़े होते हैं क्योंकि यदि सरकार चाहती तो 24 घंटे में केंद्र सरकार की मंजूरी से सीबीआई जांच शुरू हो सकती थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने एसआईटी जांच जारी रखने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार गंभीर होती तो लीक हुई परीक्षा को तुरंत निरस्त कर नई तिथि घोषित करती और यूके ट्रिपल एससी अध्यक्ष गणेश सिंह मर्तोलिया को बर्खास्त करती। धस्माना ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने शुरू से ही युवाओं के आंदोलन को राजनीति प्रेरित व अराजक करार दिया, जबकि अब मुख्यमंत्री खुद उसी आंदोलन में जाकर सीबीआई जांच की घोषणा कर रहे हैं। इसलिए सरकार और भाजपा नेताओं को आंदोलनरत युवाओं से माफी मांगनी चाहिए।
The post सीबीआई जांच- कांग्रेस ने सीएम की घोषणा को बताया अधूरा appeared first on Avikal Uttarakhand.
