कांग्रेस ने गिरफ्तार आरोपी के कथित बयान को बनाया मुद्दा

कांग्रेस ने गिरफ्तार आरोपी के कथित बयान को बनाया मुद्दा
Share This News:

The post कांग्रेस ने गिरफ्तार आरोपी के कथित बयान को बनाया मुद्दा appeared first on Avikal Uttarakhand.

…ऊपर से प्रमोद नौटियाल को मिलते थे निर्देश…

बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी प्रकरण में BKTC अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग

कांग्रेस ने सरकार को घेरा

उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग, मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी उठाए सवाल

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी प्रकरण में हुए नए खुलासो का हवाला देते हुए बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के तत्काल इस्तीफे की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की कड़ियां मंदिर समिति के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच रही हैं और इसकी निष्पक्ष जांच के लिए उच्चस्तरीय न्यायिक समिति का गठन किया जाना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में गणेश गोदियाल ने कहा कि मामले में गिरफ्तार दूसरे आरोपी एवं पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान के कथित खुलासे से कई गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

उनके अनुसार, जांच में चौहान ने बताया है कि उसे निर्देश प्रमोद नौटियाल से मिलते थे और नौटियाल को निर्देश BKTC अध्यक्ष से प्राप्त होते थे। उन्होंने कहा कि यदि जांच में ये तथ्य सही साबित होते हैं तो यह केवल व्यक्तिगत स्तर की चोरी नहीं, बल्कि संगठित भ्रष्टाचार का मामला है।
गोदियाल ने कहा कि नैतिकता के आधार पर हेमंत द्विवेदी को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। यदि वे इस्तीफा नहीं देते हैं तो सरकार को उन्हें पद से हटाना चाहिए, ताकि जांच प्रभावित न हो और साक्ष्यों के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ की आशंका न रहे।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले पर सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बद्रीनाथ धाम के चढ़ावे से जुड़े धन और राशन सामग्री का उपयोग यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक लाभ के लिए किए जाने की शिकायतें पहले भी उठाई गई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार उनके पुराने कार्यकाल से जुड़े आरोपों को उठाकर मूल मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम से जुड़े इस पूरे प्रकरण की जांच किसी उच्चस्तरीय समिति से कराई जानी चाहिए, जिसकी अध्यक्षता सर्वोच्च न्यायालय अथवा उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश द्वारा की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि हेमंत द्विवेदी को बद्री-केदार मंदिर समिति जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक संस्थान का अध्यक्ष किन आधारों पर बनाया गया।

गौरतलब है कि बदरीनाथ चढ़ावा चोरी में पुलिस प्रमोद नौटियाल और राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मुद्दे पर बीकेटीसी अध्यक्ष ने गोदियाल को बदरी-केदार मंदिर के प्रांगण में खुली बहस को चुनौती दी है।।

The post कांग्रेस ने गिरफ्तार आरोपी के कथित बयान को बनाया मुद्दा appeared first on Avikal Uttarakhand.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *