The post कांग्रेस ने अधिवक्ता आंदोलन को दिया समर्थन appeared first on Avikal Uttarakhand.
सरकार से वकीलों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। राजधानी देहरादून में चैंबर निर्माण की मांग को लेकर नौ दिनों से हड़ताल पर बैठे अधिवक्ताओं के आंदोलन को कांग्रेस ने खुला समर्थन दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, वरिष्ठ नेता हीरा सिंह बिष्ट, संगठन के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना सहित कई नेताओं ने आंदोलनरत वकीलों के साथ एकजुटता जताई।
इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना अधिवक्ताओं के धरने पर पहुंचे और करीब दो घंटे तक उनके साथ बैठे। अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए धस्माना ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य की राजधानी में वकील नौ दिनों से पूरी तरह वाजिब मांग—चैंबर निर्माण—को लेकर हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार उनकी ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि जिला न्यायालय का नया भवन तो बन गया, लेकिन अदालतों में पैरवी करने वाले अधिवक्ताओं के चैंबर की व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना वकीलों के अदालत कैसी चलेगी? उन्होंने कहा कि जब नया न्यायालय परिसर बनना शुरू हुआ था, उसी समय वकीलों के चैंबर भी बनाए जाने चाहिए थे, लेकिन सरकार की अनदेखी के कारण आज वकीलों को पुराने परिसर से सड़क पर आकर नए परिसर में बैठना पड़ रहा है।

धस्माना ने कहा कि पुराने परिसर में 65 बीघा भूमि में कार्यरत वकीलों के चैंबर मात्र पांच बीघा में बनाने की बात समझ से परे है। उन्होंने सुझाव दिया कि पुराने परिसर के एक हिस्से को वकीलों के लिए आरक्षित किया जाए और पुराने व नए परिसर को जोडऩे के लिए अंडरपास बनाया जाए, ताकि वकीलों को सुविधा मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिवक्ताओं की सभी मांगें न्यायोचित हैं और सरकार को राजकीय कोष से चैंबरों का निर्माण कर उन्हें आवंटित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता अपनी मांगों को लेकर जो भी आंदोलनात्मक कदम उठाएंगे, कांग्रेस पार्टी उनका पूर्ण समर्थन करेगी। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, कांग्रेस नेता एडवोकेट संदीप चमोली, एडवोकेट विपुल नौटियाल, एडवोकेट राजेश गुरुंग और एडवोकेट केके गोयल भी उपस्थित रहे।
बार काउंसिल की पूर्व अध्यक्ष रजिया बेग, पूर्व उपाध्यक्ष एमएम लांबा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल, सचिव राजबीर सिंह बिष्ट, पूर्व अध्यक्ष राजीव शर्मा बंटू और संघर्ष समिति अध्यक्ष प्रेम चंद शर्मा ने आंदोलन को समर्थन देने पर धस्माना का आभार व्यक्त किया।
The post कांग्रेस ने अधिवक्ता आंदोलन को दिया समर्थन appeared first on Avikal Uttarakhand.
