The post अंकिता भंडारी व मंत्री पति के आपत्तिजनक बयान पर कांग्रेस का हंगामा appeared first on Avikal Uttarakhand.
मंत्री रेखा आर्य के पति के खिलाफ डालनवाला थाने में तहरीर
वीआईपी पर कार्रवाई को लेकर महिला कांग्रेस का घेराव
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा महिलाओं के संबंध में दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में प्रदेश महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यमुना कॉलोनी स्थित मंत्री रेखा आर्य के आवास का घेराव कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत महिला कांग्रेस कार्यकर्ता यमुना कॉलोनी गेट पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए मंत्री के आवास की ओर कूच किया। प्रदर्शनकारियों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी का नाम सार्वजनिक कर कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को तीन वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्याकांड में जिस वीआईपी का उल्लेख हुआ था, वह नाम भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि राज्य में महिला अपराधों के कई मामलों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता उजागर हुई है और कई बार पुलिस द्वारा पीड़ितों को ही प्रताड़ित किया गया।
ज्योति रौतेला ने मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए बयान—“बिहार से 20–25 हजार रुपये में लड़कियां आसानी से मिल जाती हैं”—की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि यह बयान महिलाओं के प्रति भाजपा की विकृत मानसिकता को दर्शाता है। महिला कांग्रेस ने इस मामले में डालनवाला थाने में तहरीर देकर गिरधारी लाल साहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

महिला कांग्रेस ने मंत्री रेखा आर्य से महिला सशक्तिकरण मंत्री होने के नाते स्पष्टीकरण देने तथा रेखा आर्य और उनके पति से सार्वजनिक माफी की भी मांग की।
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महानगर अध्यक्ष उमिला ढौंडियाल थापा, पार्षद कोमल बोरा, संगीता गुप्ता, सविता सोनगर, रॉबिन त्यागी, पिया थापा, अनीता सकलानी, महासचिव पुष्पा पंवार, सुशीला शर्मा, अमृता कौशल, अनुराधा तिवारी, रितेश क्षेत्री, विनीत प्रसाद बंटू, गौरव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
The post अंकिता भंडारी व मंत्री पति के आपत्तिजनक बयान पर कांग्रेस का हंगामा appeared first on Avikal Uttarakhand.
