The post कर्णप्रयाग हिंसा: चार निहंग यात्री गिरफ्तार, तीन को भेजा जेल appeared first on Avikal Uttarakhand.
धारदार हथियारों से हमले के बाद पुलिस का कड़ा एक्शन, क्षेत्र में बढ़ाई गई सुरक्षा
अविकल उत्तराखण्ड
कर्णप्रयाग। हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुए हिंसक विवाद में न्यायालय ने तीन आरोपियों को जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी उपचाराधीन होने के कारण पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि कोतवाली कर्णप्रयाग क्षेत्र के कृष्णा पैलेस होटल के समीप 16 जून को हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चार निहंग यात्रियों ने कथित रूप से तलवार और कृपाण जैसे धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में एक व्यापारी सहित चार लोग घायल हो गए।

पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से तीन कृपाण तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं। चौथे आरोपी को अगले दिन कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपियों में जसनप्रीत सिंह, अजय सिंह, सतविंदर सिंह और मनप्रीत सिंह शामिल हैं। सभी आरोपी पंजाब के मोहाली और एसएएस नगर क्षेत्र के निवासी हैं। न्यायालय में पेशी के बाद तीन आरोपियों को जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया, जबकि मनप्रीत सिंह का उपचार जारी है।

घटना के मद्देनजर गौचर-कर्णप्रयाग क्षेत्र में आईटीबीपी और पीएसी की एक-एक कंपनी तैनात की गई है। पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा क्षेत्र में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस लगातार गश्त और निगरानी अभियान चला रही है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

वहीं, ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में चमोली पुलिस ने तीन व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।चेकिंग के दौरान उनके वाहन से हॉकी स्टिक बरामद होने तथा सार्वजनिक स्थान पर अभद्रता करने की शिकायत मिलने पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने उन्हें भविष्य में शांति व्यवस्था भंग न करने की सख्त चेतावनी दी है।
The post कर्णप्रयाग हिंसा: चार निहंग यात्री गिरफ्तार, तीन को भेजा जेल appeared first on Avikal Uttarakhand.
