सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरेला पर्व के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर वृद्ध जागेश्वर और भगवान जागेश्वर महादेव के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरेला पर्व के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर वृद्ध जागेश्वर और भगवान जागेश्वर महादेव के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने जागेश्वर मंदिर प्रांगण में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले वृद्ध जागेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने जागेश्वर धाम में भगवान जागेश्वर महादेव के दर्शन कर विशेष पूजा की।
हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पौधा रोपते हुए प्रदेशवासियों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरेला उत्तराखंड की प्रकृति, पर्यावरण और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है तथा पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
